चार्जशीट के लिए पैसे मांगते हो? आगरा में दरोगा की वकील ने सरेआम लगा दी क्लास, खूब मचा बवाल

Agra Viral Video: आगरा दीवानी के बाहर दरोगा और वकील के बीच तीखी झड़प. चार्जशीट के नाम पर पैसे मांगने का आरोप. वीडियो वायरल होने के बाद वकील ने मांगी माफी.

यूपी तक

• 01:21 PM • 01 Apr 2026

follow google news

आगरा पुलिस और वकीलों के बीच टकराव का एक नया मामला सामने आया है. दीवानी न्यायालय के गेट के पास एक चाऊमीन के ठेले के सामने दरोगा विपुल कुमार और अधिवक्ता अक्षय के बीच तीखी बहस हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि वकील ने दरोगा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी वर्दी की गरिमा पर सवाल उठा दिए.

यह भी पढ़ें...

'कोट उतार दूं तो पता चलेगा ताकत किसकी है'

वायरल वीडियो में अधिवक्ता अक्षय बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं. उन्होंने दरोगा विपुल कुमार पर आरोप लगाया कि वह मामलों में चार्जशीट दाखिल करने के नाम पर अवैध वसूली और पैसों की मांग करते हैं. बहस के दौरान वकील ने यहाँ तक कह दिया कि अगर वह अपना काला कोट उतार दें, तो दरोगा को पता चल जाएगा कि असली ताकत किसकी है. सार्वजनिक स्थान पर हुई इस बेइज्जती से दरोगा असहज नजर आए, जबकि आसपास मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही.

चाऊमीन के ठेले के पास हाई-वोल्टेज ड्रामा

यह पूरी घटना कोर्ट परिसर के ठीक बाहर एक चाऊमीन के ठेले के सामने हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दरोगा ने शुरुआत में दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन वकील के आक्रामक तेवरों और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद मामला हाथ से निकल गया. वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे को कानून का पाठ पढ़ाते और अपनी-अपनी सीमाओं को लांघते दिखाई दे रहे हैं.

अंत में हुआ समझौता, वकील ने मांगी माफी

वीडियो वायरल होने और मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ. हालांकि, ताजा जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई और मामला शांत करा दिया गया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि अधिवक्ता ने अपनी आवेशपूर्ण भाषा के लिए माफी मांग ली है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है.