गाजियाबाद में लव मैरिज करने वाले नितिन को ससुराल वालों ने उतारा मौत के घाट, पर क्यों?

गाजियाबाद में एक प्रेम विवाह के बाद विवाद और परिवार की नाराजगी ने खौफनाक हत्या का रूप ले लिया. नितिन कुमार की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

यूपी तक

• 10:34 AM • 01 Apr 2026

follow google news

गाजियाबाद के लोनी इलाके में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत सामने आया है, जहां एक युवक को अपनी ही पसंद की लड़की से शादी करने की भारी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. सुलह के बहाने बुलाकर ससुराल वालों ने जिस बेरहमी से दामाद की हत्या की, उसने इलाके में सनसनी फैला दी है.

यह भी पढ़ें...

एक साल पहले हुई थी लव मैरिज

जानकारी के अनुसार, नितिन कुमार ने करीब एक साल पहले मुस्कान नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक था, लेकिन मुस्कान के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. इसी विवाद के चलते कुछ दिन पहले मुस्कान अपने मायके चली गई थी. 30 मार्च को नितिन को बातचीत और सुलह के लिए ससुराल बुलाया गया, जहां घात लगाकर बैठे लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा और मौत के घाट उतार दिया.

भाई का आरोप- सुनियोजित थी हत्या

मृतक नितिन के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि यह एक सोची-समझती हत्या थी. ससुराल पक्ष लगातार नितिन को परेशान कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा था. इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर न्याय की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को संभाला.

ऑनर किलिंग या रंजिश? 

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में परिवार के और कितने लोग शामिल थे. यह घटना एक बार फिर प्रेम विवाह में सामाजिक स्वीकार्यता के अभाव और उसके विनाशकारी परिणामों को उजागर करती है.