बाराबंकी जिले के टिकैत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसावल गांव में हुई एक विभत्स हत्या ने सनसनी फैला दी है. 26 वर्षीय बबलू राजभर, जो गांव-गांव घूमकर आइसक्रीम बेचकर अपने आठ भाई-बहनों के परिवार का पेट पालता था, उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया.
ADVERTISEMENT
धमकी और विवाद का खूनी अंत
बताया जा रहा है कि आरोपी शंकर यादव और बबलू के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था. शंकर ने बबलू को गांव में आइसक्रीम बेचने से मना किया था और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. जब बबलू ने उसकी बात नहीं मानी, तो आक्रोशित शंकर ने धारदार हथियार से हमला कर बबलू का सिर धड़ से अलग कर दिया.
क्रूरता की पराकाष्ठा, चूल्हे पर जलाया सिर
हत्या के बाद आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी. वह कटा हुआ सिर अपने घर ले गया, जहाँ उसने उसे चूल्हे पर जला दिया और कथित तौर पर पकाने की कोशिश भी की. इस नृशंस कृत्य की खबर जैसे ही गांव में फैली, लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आरोपी गिरफ्तार, मानसिक स्थिति संदिग्ध
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, शंकर पहले भी जेल जा चुका है और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है. पुलिस अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या यह केवल सनक थी या किसी गहरी रंजिश का परिणाम.
परिवार में पसरा मातम
बबलू अपने परिवार का मुख्य सहारा था. उसकी मौत के बाद आठ भाई-बहनों और बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि तनाव की स्थिति न बने. पुलिस का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ ऐसी सख्त पैरवी की जाएगी कि समाज में एक मिसाल कायम हो.
ADVERTISEMENT









