Sultanpur Crime News: सुल्तानपुर जिले के सेवतरी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पूर्व प्रधान अशोक वर्मा ने अपनी लाइसेंसी बंदूक के दम पर पेड़ों की कटाई रुकवा दी. आरोप है कि पूर्व प्रधान ने न केवल मजदूरों को धमकाया, बल्कि उनके साथ मारपीट कर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.
ADVERTISEMENT
सरकारी परमिट बनाम दबंगई
पीड़ित दिलीप कुमार उपाध्याय के अनुसार, उन्होंने नियमानुसार सरकारी प्रक्रिया पूरी कर पेड़ों की नीलामी ली थी. जब वे मजदूरों के साथ पेड़ों की कटाई करवाने पहुंचे, तो पूर्व प्रधान अशोक वर्मा वहां पहुंच गए. आरोप है कि पूर्व प्रधान ने काम रुकवाने के बदले पैसों की मांग की और इनकार करने पर अपनी लाइसेंसी बंदूक तान दी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'खौफ'
घटना के दौरान किसी ने पूर्व प्रधान की इस हरकत का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे रसूख के नशे में चूर पूर्व प्रधान मजदूरों को गालियां दे रहे हैं और हथियार दिखाकर उन्हें वहां से भाग जाने की धमकी दे रहे हैं.
कानून व्यवस्था को चुनौती
स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद भारी रोष और डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि सरेआम बंदूक लहराकर विकास कार्यों और कानूनी प्रक्रियाओं को रोकना क्षेत्र की शांति के लिए बड़ा खतरा है. पीड़ित पक्ष ने इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
पुलिस की कार्रवाई
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और आरोपी पूर्व प्रधान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









