आगरा के ताजगंज इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की 8 वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को आटे के कनस्तर में छिपा दिया. इस जघन्य कांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया.
ADVERTISEMENT
24 मार्च से लापता थी बच्ची, कमरे में मिली लाश
बच्ची 24 मार्च को अचानक गायब हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन जब सीसीटीवी फुटेज में बच्ची मोहल्ले से बाहर जाती नहीं दिखी, तो शक की सुई घर के करीबियों पर घूमी. तलाशी के दौरान पुलिस जब किराएदार सुनील के कमरे में दाखिल हुई, तो वहां आटे के एक बड़े कनस्तर के अंदर मासूम का शव दबा मिला। यह देखते ही बच्ची की माँ मौके पर ही बेहोश हो गई.
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र भीड़ ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाने की कोशिश की और कई वाहनों पर पथराव कर तोड़फोड़ की. हालात बिगड़ते देख डीसीपी सिटी अली अब्बास कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को काबू में किया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी सुनील पिछले कुछ महीनों से किराया नहीं दे रहा था और उसका मालिक दिनेश के साथ विवाद चल रहा था, जिसका बदला उसने मासूम बच्ची से लिया.
आरोपी फरार, तलाश में 10 टीमें गठित
मुख्य आरोपी सुनील वारदात के बाद से ही फरार है. आगरा पुलिस ने उसे दबोचने के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया है. पुलिस ने फिलहाल संदेह के आधार पर 4 लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है. मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होगा.
ADVERTISEMENT









