यूपी Tak के विशेष शो आज का यूपी में आज उत्तर प्रदेश की राजनीति की दो बड़ी खबरों का विश्लेषण किया गया है. आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद फूलन देवी की सगी बड़ी बहन रुक्मणी देवी निषाद को 'समाजवादी महिला सभा' का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है.
ADVERTISEMENT
कौन हैं रुक्मणी देवी निषाद?
रुक्मणि देवी निषाद फूलन देवी की पांच बहनों में सबसे बड़ी हैं. जब फूलन देवी बीहड़ों में थीं, तब रुक्मणी ही परिवार का संदेश और भोजन उन तक पहुंचाती थीं. रुक्मणी देवी एकलव्य सेना और प्रगतिशील मानव समाज पार्टी में सक्रिय रही हैं. मैनपुरी उपचुनाव में उन्होंने डिंपल यादव के लिए निषाद बाहुल्य इलाकों में काफी काम किया था, जिससे वे अखिलेश यादव की नजरों में आईं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद वोटों को साधने के लिए यह सपा का बड़ा दांव माना जा रहा है. खासकर ऐसे समय में जब एनडीए के सहयोगी संजय निषाद अपनी उपेक्षा को लेकर सार्वजनिक रूप से भावुक होते दिखे हैं.
बृजभूषण शरण सिंह और राजा भैया के बीच 'केमिस्ट्री'
पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि यूपी के दो कद्दावर ठाकुर नेताओं, बृजभूषण शरण सिंह और राजा भैया के बीच मनमुटाव है, क्योंकि राजा भैया बृजभूषण सिंह की 'राष्ट्रकथा' में शामिल नहीं हुए थे. इस बीच दिल्ली के रेस कोर्स से एक वीडियो सामने आया है जिसमें दोनों नेता एक साथ बैठे और बातचीत करते नजर आ रहे हैं. दोनों ही नेता घोड़ों और घुड़दौड़ के बेहद शौकीन हैं. हरियाणा के एक आयोजक द्वारा बुलाए गए इस कार्यक्रम में दोनों तकरीबन डेढ़ घंटे तक साथ रहे, जिससे आपसी मतभेद की अफवाहों पर विराम लग गया है.
ADVERTISEMENT









