उत्तर प्रदेश के आगरा में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता के फरार होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पगफेरे की रस्म निभाकर ससुराल लौटते समय महिला रास्ते में पति और परिजनों को छोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर चली गई. पति मिठाई खरीदने के लिए दुकान पर रुका था, तभी पत्नी ने शौच जाने की बात कही और कुछ देर बाद एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर वहां से निकल गई. पीड़ित पति ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
पगफेरे से लौटते समय हुई घटना
मामला आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र का है. पीड़ित गिर्राज सिंह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पिपरई गांव के रहने वाले हैं. उनकी शादी 20 जुलाई को पिनाहट क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी. शादी के पांच दिन बाद पगफेरे की रस्म के लिए नवविवाहिता अपने पति और ससुराल वालों के साथ मायके गई थी.
शाम करीब चार बजे रस्म पूरी होने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे. इसी दौरान नयागांव तिराहे पर गिर्राज सिंह शगुन की मिठाई खरीदने के लिए दुकान पर उतर गए. उन्होंने पत्नी से कहा कि वह परिजनों के साथ वहीं इंतजार करे.
शौच जाने का बहाना, फिर नहीं लौटी
इसी बीच नवविवाहिता ने शौच जाने की बात कहकर वहां से चली गई. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि महिला एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अर्नोटा की ओर चली गई.
जेवर और नकदी ले जाने का आरोप
पीड़ित पति का आरोप है कि पत्नी शादी में मिले सभी सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गई. पुलिस के अनुसार, महिला पहले भी इसी तरह लापता हो चुकी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में गिर्राज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हाथरस के स्टेशन रोड क्षेत्र निवासी विनोद समेत अन्य पहलुओं को लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का क्या कहना है?
एसीपी पिनाहट ने फोन पर मौखिक रूप से बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. महिला की तलाश की जा रही है और लगाए गए सभी आरोपों की भी जांच की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला किन परिस्थितियों में वहां से गई और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.
ADVERTISEMENT











