UP Weather: उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर को मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के 29 सितंबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, पूरे प्रदेश के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
ADVERTISEMENT
पूर्वांचल के इन जिलों में बारिश के आसार
30 सितंबर को बारिश की संभावना मुख्य रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में दिखाई गई है. इनमें श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर और देवरिया प्रमुख हैं. इन इलाकों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
वहीं पश्चिमी यूपी के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा समेत पश्चिमी हिस्सों में 30 सितंबर को बारिश की संभावना कम है. मौसम विभाग ने इस दिन पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. 29 सितंबर के दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आंधी दर्ज की गई थी.
1 से 5 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम?
30 सितंबर के बाद यूपी के मौसम में बारिश की गतिविधियां काफी कम होती दिख रही हैं. 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों में मौसम के शुष्क रहने की बहुत ज्यादा संभावना जताई गई है. अक्टूबर के शुरुआती दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश से राहत मिल सकती है.
तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
ADVERTISEMENT











