भोजपुरी सिनेमा के दो सबसे बड़े सितारे पवन सिंह और खेसारी लाल यादव इस समय एक टीवी एक्टर के बयान को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं. बिग बॉस 13 फेम एक्टर विशाल आदित्य सिंह ने एक पॉडकास्ट में दोनों दिग्गजों को रिटायरमेंट लेने की सलाह दे डाली है. विशाल का मानना है कि इन दोनों स्टार्स के दबदबा बनाए रखने से नए टैलेंट को मौका नहीं मिल रहा है. इसके साथ ही उन्होंने भोजपुरी फिल्मों और गानों के अश्लील और डबल मीनिंग कंटेंट पर निशाना साधते हुए कहा कि 'इन्होंने भोजपुरी का स्वाद ही खराब कर दिया है.' इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर भोजपुरी फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है.
ADVERTISEMENT
"अब नई पीढ़ी को मौका दें, खुद पीछे हटें"
'फिल्म विंडो' पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विशाल आदित्य सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री के वर्तमान ढांचे पर खुलकर बात की. पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के लंबे करियर और मजबूत फैन फॉलोइंग को स्वीकारते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब इन बड़े चेहरों को खुद ही पीछे हट जाना चाहिए. विशाल ने साफ शब्दों में कहा कि 'अभी रिटायरमेंट का प्लान इन लोगों का होना चाहिए था. इन सबको रिटायर करना चाहिए.'
उन्होंने तर्क दिया कि सालों से यही दो-तीन बड़े चेहरे स्क्रीन पर काबिज हैं. मेकर्स इन्हीं पर दांव लगाते हैं और रिस्क न लेने की वजह से नए कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का मंच ही नहीं मिल पाता.
"इन्होंने भोजपुरी का स्वाद ही खराब कर दिया"
विशाल आदित्य सिंह ने केवल स्टारडम पर ही नहीं बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री में बन रहे गानों और उनके कंटेंट पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पहले के दौर में लोग मान लेते थे कि अश्लीलता या डबल मीनिंग कंटेंट चलता है. लेकिन अब इंटरनेट के जमाने में सभी को समझ है कि क्या सही है और क्या गलत. गानों के स्तर पर नाराजगी जताते हुए विशाल ने कहा 'अरे भोजपुरी का तो भाई स्वाद ही खराब कर दिया इन लोगों ने. स्वाद ही खराब कर दिया है.'
उन्होंने आगे कहा कि जब इंटरनेट नहीं था तब लोगों को इसके दूरगामी असर का पता नहीं चलता था. लेकिन आज जब सबको सही-गलत की समझ आ चुकी है, तब भी इस तरह के घटिया और दोहरे अर्थ वाले गाने बनाना बंद नहीं किया जा रहा.
सोशल मीडिया पर भड़के भोजपुरी फैंस
विशाल आदित्य सिंह के इस बयान का वीडियो सामने आते ही पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के प्रशंसकों ने मोर्चा संभाल लिया है. फैंस का कहना है कि पवन सिंह और खेसारी ने अपनी कड़ी मेहनत से भोजपुरी सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है. ऐसे में उन्हें रिटायर होने की सलाह देना सरासर गलत है. वहीं दूसरी तरफ, एक तबका ऐसा भी है जो विशाल की इस बात का समर्थन कर रहा है कि भोजपुरी गानों की गुणवत्ता में सुधार होना चाहिए और नए कलाकारों को भी अवसर मिलने चाहिए.
ADVERTISEMENT











