ITBP जवान से शादी करने पर बेटी की हत्या, आगरा में विमल शर्मा ने बेटी के कोर्ट मैरिज करने पर गला घोंटकर मारा, फिर पुलिस दिया चौंकाने वाला बयान!

अरविंद शर्मा

• 08:54 AM • 04 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. जैतपुर थाना क्षेत्र में 24 साल की अंकिता शर्मा की उसके पिता विमल शर्मा ने हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक अंकिता ने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब चार महीने पहले ITBP में तैनात अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज की थी.

Agra Honor Killing News

Agra Honor Killing News

Google CTA

Agra Honor Killing News: उत्तर प्रदेश के आगरा में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. जैतपुर थाना क्षेत्र में 24 साल की अंकिता शर्मा की उसके पिता विमल शर्मा ने हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक अंकिता ने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब चार महीने पहले ITBP में तैनात अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज की थी. शादी के बाद पति ड्यूटी पर लौट गया था, जबकि अंकिता मायके में रह रही थी. पुलिस का कहना है कि बेटी की शादी से नाराज पिता ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर चुन्नी से गला घोंट दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें...

परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

अंकिता शर्मा की उम्र 24 साल थी और वह जैतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. जानकारी के मुताबिक, उसने करीब चार महीने पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ ITBP जवान अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज की थी. शादी के बाद अमित अपनी ड्यूटी पर लौट गया, जबकि अंकिता अपने मायके में ही रह रही थी. बताया जा रहा है कि परिवार इस शादी से खुश नहीं था और इसे लेकर घर में लगातार नाराजगी बनी हुई थी. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच विवाद हुआ था.

पहले पीटा फिर चुन्नी से गला घोंटा

पुलिस के अनुसार घटना के समय विमल शर्मा की पत्नी और बेटा भी घर में मौजूद थे. आरोप है कि विमल ने बेटी के साथ मारपीट की और इसके बाद चुन्नी से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने पत्नी और बेटे को वहां से चले जाने के लिए कहा और खुद शव के पास बैठा रहा. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में पिता को ही हत्या का मुख्य आरोपी माना जा रहा है.

आधी रात पड़ोसियों ने सुनी चीख-पुकार

बताया गया कि रात करीब साढ़े 12 बजे घर से चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोप है कि घर के अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया. इस दौरान घर की लाइट भी बंद कर दी गई. इसके बाद पड़ोसियों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया. घर के ऊपर वाले कमरे में अंकिता अचेत अवस्था में मिली. उसके गले में चुन्नी कसी हुई थी और मुंह से खून निकल रहा था. पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पूछताछ में पिता ने कबूली हत्या

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता विमल शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार आरोपी ने कहा कि बेटी ने परिवार की इच्छा के खिलाफ कोर्ट मैरिज कर उसकी 'नाक कटवा दी' थी. उसने बताया कि बेटी को कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी. पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी और आक्रोश में आरोपी ने बेटी की हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस इस मामले में सामने आए सभी तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है.

पुलिस ने बताया क्या-क्या हुआ?

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी जोन), कमिश्नरेट आगरा अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया, 'आज दिनांक 03.08.2026 को प्रातः लगभग 05:00 बजे थाना जैतपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि विमल शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा अपनी पुत्री की हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.' उन्होंने बताया कि वादी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी ने कुछ महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी, जिससे वह नाराज था और इसी आक्रोश में उसने घटना को अंजाम दिया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि 'मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.' पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका थी या नहीं. फिलहाल आरोपी पिता गिरफ्तार है और मामले की जांच जारी है.