आगरा में करीब 5 साल पहले मोनिका वाणिज्य और अंशु वाणिज्य के बीच प्रेम कहानी शुरू हुई. 3 साल पहले यानी 23 अप्रैल 2023 को दोनों ने शादी कर ली थी. मगर दोनों की इस लव स्टोरी को किसी की नजर लग गई. अपनी पत्नी के जन्मदिन के मैके पर अंशु वाणिज्य वृंदावन में बांके बिहारी भगवान के दर्शन करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए सड़क हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं. हादसे में मोनिका की मौत हो गई, जबकि अंशु घायल हो गए.
ADVERTISEMENT
जन्मदिन पर दर्शन के लिए निकले थे
15 सितंबर को मोनिका का 28वां जन्मदिन था. जन्मदिन के मौके पर पति अंशु ने पत्नी मोना के साथ वृंदावन जाने और बांके बिहारी के दर्शन करने की योजना बनाई थी. दोनों सुबह स्कूटी से आगरा से वृंदावन के लिए निकले थे.
अंशु स्कूटी चला रहे थे, जबकि मोनिका पीछे बैठी थीं. ऐसा कहा जा रहा है कि रास्ते में अचानक मोनिका को नींद की झपकी आ गई. इसी दौरान वह स्कूटी से सड़क पर गिर गईं. मोनिका के सड़क पर गिरते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया. हादसा इतना गंभीर था कि मोनिका की मौके पर ही मौत हो गई. अंशु भी स्कूटी से कुछ दूर जाकर हाईवे किनारे डिवाइडर से टकरा गए.
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही रिफाइनरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मोनिका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायल अंशु को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस अब फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश कर रही है.
मोनिका और अंशु की शादी को करीब तीन साल हुए थे. दोनों के शादी से करीब दो साल पहले यानी लगभग पांच साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था. शादी के बाद दोनों आगरा के बालूगंज स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में नौकरी करते थे. मोनिका टेली-कॉलिंग का काम करती थीं.
मोनिका का किया गया अंतिम संस्कार
दोनों के बीच गहरा प्रेम था. यही वजह थी कि मोनिका के जन्मदिन को खास बनाने के लिए अंशु उन्हें लेकर वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन कराने जा रहे थे. लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था. जिस दिन घर में मोनिका के 28वें जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी दिन परिवार को उनकी मौत की खबर मिली. शाम करीब 6:30 बजे मोनिका का शव एत्माद्दौला क्षेत्र के कटरा वजीर खां स्थित घर पहुंचा.
शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. वहीं हादसे में घायल अंशु भी पत्नी की मौत से टूट गए. रात करीब 8 बजे मोनिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया.
ADVERTISEMENT











