‘160 में से 154 सवाल का सही जवाब’ देकर सौरभ वर्मा ने UPSI 2026 को किया टॉप, ये है ‘दरोगा साहब’ की सफलता का बड़ा राज!

गौरव कुमार पांडेय

18 Jul 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 05:05 PM)

UPSI Topper Saurabh Verma: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती 2026 में बाराबंकी के सौरभ वर्मा ने पूरे यूपी में पहली रैंक हासिल की है. सौरभ ने बताया कि उन्होंने सेल्फ स्टडी और लगातार मॉक टेस्ट के दम पर यह सफलता हासिल की है.

UP Tak
Google CTA

UPSI Topper Saurabh Verma: उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती 2026 में सौरभ वर्मा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है. बाराबंकी के रहने वाले सौरभ बताते हैं कि उन्होंने तैयारी के लिए कोई भी कोचिंग ज्वाइन नहीं की थी. उन्होंने बस अपनी सेल्फ स्टडी और मॉक टेस्ट के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. इसके साथ ही वो बताते हैं कि पिछले करीब दो साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और इस दौरान कई परीक्षाओं में सफलता भी हासिल कर चुके हैं.

यह भी पढ़ें...

बाराबंकी के रहने वाले हैं सौरभ

सौरभ वर्मा उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के भनौली गांव के रहने वाले हैं. उनकी शुरुआती पढ़ाई एक सरकारी स्कूल में हुई है. इसके बाद उन्होंने श्री साईं इंटर कॉलेज से 10वीं में 93.17 प्रतिशत और 12वीं में 89.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. उनके पिता एक शिक्षामित्र हैं और उनकी मां हाउसवाइफ हैं. सौरभ बताते हैं कि उनकी मां उन्हें पढ़ाई के लिए हमेशा प्रेरित करती थीं और न पढ़ने पर डांटती भी थीं. उनके घर में शुरू से ही पढ़ाई का अच्छा माहौल रहा है.

160 में से 154 सवाल सही

सौरभ को अपनी सफलता का पहले से ही पूरा अंदाजा था. उनका एग्जाम आखिरी दिन की दूसरी शिफ्ट में था. परीक्षा देने के बाद जब उन्होंने घर आकर अपने उत्तर मिलाए, तो 160 में से उनके 154 सवाल बिल्कुल सही थे. उनका स्कोर लगभग 385 के आसपास बन रहा था, जिससे उन्हें टॉप 20 में आने का पूरा भरोसा हो गया था.

सफलता का राज है मॉक टेस्ट

अपनी तैयारी के बारे में बताते हुए सौरभ ने कहा कि उन्होंने हिंदी और मूल विधि ऑनलाइन माध्यम से पढ़ी है. इसके अलावा उन्होंने सबसे ज्यादा ध्यान मॉक टेस्ट लगाने पर दिया था. सौरभ का मानना है कि ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट देने से परीक्षा का डर खत्म होता है और आत्मविश्वास बहुत बढ़ता है. इससे छात्रों को यह भी पता चलता है कि परीक्षा में कौन से सवाल बार-बार पूछे जाते हैं.

कई सरकारी परीक्षाएं कर चुके पास

सौरभ साल 2023-24 से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं. दरोगा बनने से पहले वह एसएससी जीडी और यूपी पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा भी पास कर चुके हैं. हालांकि, अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने इन दोनों भर्तियों के फिजिकल टेस्ट (DV/PST) छोड़ दिए थे. इसके अलावा उनके दिल्ली पुलिस कांस्टेबल, एसएससी सीएचएसएल और रेलवे एनटीपीसी के एग्जाम भी क्लियर हैं.

होम स्टेट के लिए चुनी पुलिस

जब सौरभ से पूछा गया कि उन्होंने दरोगा बनना ही क्यों चुना, तो उन्होंने बेहद ईमानदारी से जवाब दिया है. उनका कहना था कि उन्हें पुलिस की वर्दी का कोई खास शौक नहीं था. वह एसएससी की भी तैयारी कर रहे थे. हालांकि उन्होंने बताया वह अब अपने राज्य में ही नौकरी करना चाहते हैं. इसीलिए वो खाकी पहनने के लिए तैयार हैं. फिलहाल सौरभ खुश हैं और आगे की प्रक्रिया के तहत अपने मेडिकल टेस्ट का इंतजार कर रहे हैं.