Neet 7th Rank Aryan Dubey Suceess Story: जब आप किसी चीज के लिए अपनी सुख-सुविधाओं को सैक्रिफाइस करते हैं और उसका रिजल्ट इतना खूबसूरत हो तो वो सारी मेहनत सार्थक हो जाती है... यह कहना है उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाली आर्यन दुबे का. आर्यन ने NEET UG 2026 की परीक्षा में 99.99965 परसेंटाइल के साथ 720 में से 710 अंक स्कोर किए हैं. खबर में आगे जानिए आर्यन ने किस स्ट्रैटजी के साथ इस एग्जाम क्वालिफाई किया. साथ ही उनकी फैमिली में सबसे बड़ा सपोर्ट और इंस्पिरेशन कौन था.
ADVERTISEMENT
9वीं क्लास में ही तय कर लिया था डॉक्टर बनने का लक्ष्य
आर्यन दुबे की सफलता कोई रातों-रात मिली कामयाबी नहीं है बल्कि इसके पीछे सालों की मेहनत है. DPS वाराणसी से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने वाले आर्यन ने 9वीं कक्षा में ही यह तय कर लिया था कि उन्हें मेडिकल फील्ड में ही अपना करियर बनाना है. लक्ष्य साफ था इसलिए दिशा भी सही रही. पिछले दो सालों से वह Aakash Institute से नीट की गंभीर तैयारी कर रहे थे.
CMO दादाजी से मिली डॉक्टर बनने की इंस्पिरेशन
आर्यन के डॉक्टर बनने के सपने के पीछे उनके परिवार का एक बड़ा योगदान रहा है. आर्यन के दादा खुद एक रिटायर्ड चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) रह चुके हैं. आकाश इंस्टीट्यूट के जारी किए गए एक वीडियो में आर्यन ने बताया कि 'मैंने बचपन से ही अपने दादाजी और परिवार के अन्य डॉक्टरों को बेहद करीब से मरीजों का इलाज करते देखा है. जब एक तड़पता हुआ मरीज ठीक होकर राहत महसूस करता है तो उसके चेहरे की वो मुस्कान और डॉक्टरों को मिलने वाली इनर सेटिस्फेक्शन मुझे बहुत प्रभावित करती थी. मुझे लगा कि समाज में योगदान देने के लिए इससे बेहतर पेशा कोई नहीं हो सकता.'
रटने के बजाय कॉन्सेप्ट पर फोकस और 11 घंटे की म्यूजिक प्लेलिस्ट
आर्यन की पढ़ाई का तरीका आम छात्रों से थोड़ा अलग और दिलचस्प रहा. वह कहते हैं कि पढ़ते समय उनका पूरा ध्यान केवल कॉन्सेप्ट को गहराई से समझने पर रहता था. जब आप किसी विषय को गहराई से समझते हैं तो दिमाग में किसी और चीज या भटकाव के लिए जगह ही नहीं बचती.
इसके अलावा खुद को रीफ्रेश रखने के लिए म्यूजिक आर्यन के जीवन का एक बड़ा हिस्सा रहा. वह मुस्कुराते हुए बताते हैं कि अगर कोई आज उनकी म्यूजिक प्लेलिस्ट देखे तो उसमें करीब 11 घंटे के गाने शामिल मिलेंगे. कोई सोच भी नहीं सकता कि नीट जैसे टफ एग्जाम की तैयारी करने वाले किसी स्टूडेंट के पास गानों का ऐसा कलेक्शन होगा. लेकिन यही उनके तनाव को दूर करने का सबसे बड़ा जरिया था.
आर्यन की पूरी फैमिली है वेल-एजुकेटेड
आर्यन के पिता IIT BHU में कार्यरत हैं और मां एक हाउसवाइफ हैं. परिवार में उनकी एक छोटी बहन भी है जो अभी 11वीं क्लास में है. आर्यन की बहन भी अपने भाई के नक्शेकदम पर चलते हुए नीट की तैयारी कर रही है. आर्यन की सफलता पर उनके पिता ने एक बेहद दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि हमें लग रहा था कि बेटा अगर टॉप 5000 में भी आ जाए तो बहुत बड़ी बात होगी. लेकिन उसके रिटायर्ड सीएमओ दादाजी को अपने पोते पर पूरा भरोसा था. वह शुरू से कह रहे थे कि आर्यन टॉप 100 में जगह पक्की करेगा और आखिरकार दादाजी का यह विश्वास सच साबित हुआ.
NEET UG 2026 में उत्तर प्रदेश का रहा जलवा
इस साल के नीट नतीजों में जहां पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक पाकर टॉप किया है. वहीं पूरे देश में उत्तर प्रदेश के छात्रों का दबदबा देखने को मिला है. उत्तर प्रदेश 1.7 लाख से अधिक सफल उम्मीदवारों के साथ देश में सबसे शीर्ष पर रहा है.
सफल छात्रों के लिए आगे क्या?
देश भर के मेडिकल व डेंटल कॉलेजों की 15% MBBS और BDS सीटों के लिए काउंसलिंग का आयोजन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) द्वारा किया जाएगा. राज्यों के अपने मेडिकल कॉलेजों की बाकी बची 85% सीटों के लिए काउंसलिंग संबंधित राज्य के स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा कराई जाएगी.
NTA ने सभी सफल उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को सख्त हिदायत दी है कि वे मेडिकल सीट दिलाने, सीट ब्लॉकिंग या स्कोर बढ़वाने का झांसा देने वाले किसी भी फर्जी कॉल, संदेशों या अनधिकृत वेबसाइटों से सावधान रहें. एजेंसी ने साफ किया है कि NTA कभी भी उम्मीदवारों से पैसे या व्यक्तिगत क्रेडेंशियल नहीं मांगता है. छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर ही भरोसा करें.
ADVERTISEMENT











