UPSI एग्जाम क्रैक करके सिपाही देवेश पांडेय बन गए दरोगा, ड्यूटी के साथ पढ़ाई की एक नहीं कई हैं कहानियां

गौरव कुमार पांडेय

16 Jul 2026 (अपडेटेड: 16 Jul 2026, 06:40 PM)

UP Police SI Result: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है, जिसमें 4543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. इस बार कई कार्यरत सिपाहियों ने भी परीक्षा पास की है और दरोगा बनने का अपना सपना पूरा किया है.

UP Tak
Google CTA

UP Police SI Result: उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट आ गया है. यह रिजल्ट जारी होने के बाद चयनित उम्मीदवारों के परिवार से लेकर पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल है. दरअसल यूपी पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे कई सिपाहियों ने अपनी मेहनत और लगन से UPSI की परीक्षा पास कर ली है और अब वह सीधे सिपाही से दरोगा बन गए हैं. जिसके चलते इन सफल जवानों को उनके अधिकारियों ने भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं भी दी हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती 2025 के लिए कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें सौरभ वर्मा नाम के उम्मीदवार ने रैंक वन हासिल की है.  

यह भी पढ़ें...

भर्ती में 4543 अभ्यर्थी हुए पास

यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने दरोगा भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है, जिसमें कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. इन सफल उम्मीदवारों की लिस्ट में 994 महिलाएं भी शामिल हैं. तो वहीं नॉर्मलाइज्ड स्कोर 22 जुलाई को जारी किए जाएगा, जिन्हें अभ्यर्थी भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर आसानी से देख सकेंगे.

सौरभ वर्मा बने दरोगा भर्ती टॉपर

इस भर्ती परीक्षा के लिए लगभग 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से करीब 10 लाख लोगों ने एग्जाम दिया था. लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में आयोजित हुई थी. इसके बाद 7 मई को लिखित परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें करीब 12 हजार लोग पास हुए थे. हालांकि लिखित परीक्षा के रिजल्ट के बाद अब फाइनल रिजल्ट आया है,  जिसमें सौरभ वर्मा नाम के अभ्यर्थी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नंबर वन रैंक हासिल की है.

सिपाही देवेश और नकुल बने दरोगा

इस रिजल्ट में कई सिपाहियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. प्रतापगढ़ के नवाबगंज थाने में तैनात सिपाही देवेश पांडे के दरोगा बनने पर एसपी दीपक भूकर ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी है. देवेश ने बताया कि ट्रेनिंग के बाद थकान होती थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पढ़ाई के लिए समय निकाला और अब दरोगा बन गए. वहीं, लखनऊ के हजरतगंज थाने के सिपाही नकुल कुमार के दरोगा बनने पर इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और उनकी पूरी टीम ने उन्हें शुभकामनाएं दीं हैं.

मजदूर के बेटे अजय बने दरोगा

जौनपुर जिले के सिकरारा थाने में तैनात सिपाही अजय कुमार प्रजापति ने भी दरोगा बनकर एक मिसाल पेश की है. अजय के पिता एक मजदूर हैं, लेकिन अजय ने अपनी लगन और मेहनत के दम पर UPSI की परीक्षा में 119वीं रैंक प्राप्त की है. उनकी इस सफलता के बाद अब उनके घर और विभाग दोनों जगह जश्न का माहौल है.

ड्यूटी के साथ पूरी की तैयारी

इन सभी जवानों की कहानी बहुत ही प्रेरणा देने वाली है. पुलिस विभाग में लगातार ड्यूटी पर रहना और उसके साथ दरोगा जैसी बड़ी परीक्षा की तैयारी करना बिल्कुल भी आसान नहीं होता है. लेकिन, इन सिपाहियों ने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई को मैनेज किया और दरोगा बनने का अपना सपना पूरा किया है. यह दर्शाता है कि लक्ष्य अगर अटल हो तो सारी कठिनाइयां आसान हो जाती हैं.