NEET UG Result 2026: नीट यूजी में यूपी के आर्यन दुबे को मिली 7वीं रैंक, सिर्फ UP से 1.7 लाख स्टूडेंट्स हुए पास

यूपी तक

17 Jul 2026 (अपडेटेड: 17 Jul 2026, 10:17 AM)

NEET UG Topper 2026: NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी हो गया है. पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने संयुक्त रूप से टॉप किया.जबकि यूपी के आर्यन दुबे ने ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल की. जानें टॉपर्स, कटऑफ, काउंसलिंग और जरूरी अपडेट.

NEET UG Topper 2026

NEET UG Topper 2026

Google CTA

NEET UG Topper 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. इस साल की परीक्षा में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने टॉप किया है. वहीं उत्तर प्रदेश के आर्यन दुबे ने ऑल इंडिया 7वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. परीक्षा में शामिल हुए छात्र अब नीट की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक और डाउनलोड कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

कितने बच्चों ने दी थी परीक्षा

नीट यूजी की परीक्षा में इस बार लगभग 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे. यह परीक्षा 21 जून, 2026 को आयोजित की गई थी. भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 अंतर्राष्ट्रीय शहरों को मिलाकर कुल 5440 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई थी. छात्रों की सहूलियत के लिए यह परीक्षा कुल 13 क्षेत्रीय और राष्ट्रीय भाषाओं में आयोजित की गई थी.

लड़कियों ने फिर मारी बाजी

NEET UG 2026 के नतीजों में एक बार फिर महिला उम्मीदवारों ने बाजी मारी है. सफल होने वाले कुल अभ्यर्थियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 58 प्रतिशत से अधिक रही. NTA द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, परीक्षा में बैठने वाली कुल महिलाओं में से 56.8 प्रतिशत महिलाएं सफल रहीं. जबकि इसकी तुलना में 55.1 प्रतिशत पुरुष उम्मीदवार ही पास होने में कामयाब हो सके.

टॉपर्स का स्कोरकार्ड

इस साल टॉप करने वाले छात्रों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया है. 

बता दें कि इस परीक्षा में कुल 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए. दिलचस्प बात यह है कि इन टॉप स्कोरर्स में से 93 प्रतिशत से अधिक ऐसे छात्र थे जिन्होंने पहली बार नीट की परीक्षा दी थी. वहीं इनमें से 99 प्रतिशत उम्मीदवार 17 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के हैं. 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक, 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक, लगभग 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं.

यूपी के स्टूडेंट्स का जलवा 

देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले छात्र सफल हुए हैं. इसमें उत्तर प्रदेश 1.7 लाख से अधिक सफल उम्मीदवारों के साथ देश में सबसे शीर्ष पर रहा. जबकि लक्षद्वीप से सबसे कम 43 उम्मीदवार पास हुए.

किस कैटेगरी के कितने बच्चे हुए सफल?

श्रेणी (Category) सफल उम्मीदवारों की संख्या
सामान्य (General) 2.91 लाख
ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL) 5.12 lakh
एससी (SC) 1.59 लाख
एसटी (ST) 63,716
जनरल-ईडब्ल्यूएस (Gen-EWS) 95,026
पीडब्ल्यूबीडी (PwBD) 3,666
पीडब्ल्यूडी (PwD) 303

कैसे तैयार हुआ परिणाम?  

NTA ने साफ किया कि परिणाम को बिना किसी देरी के जारी करने के लिए मूल्यांकन के कई चरणों को एक साथ चलाया गया था.

25 जून: प्रोविजनल आंसर की जारी कर 28 जून तक आपत्तियां मांगी गईं.

13 से 15 जुलाई: छात्रों की स्कैन की गई ओएमआर (OMR) शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए.

16 जुलाई: फाइनल आंसर की के साथ अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया.

काउंसलिंग को लेकर NTA की जरूरी गाइडलाइन 

नीट परीक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए अब आगे की प्रक्रिया काउंसलिंग की होगी. देश भर के मेडिकल व डेंटल कॉलेजों की 15% MBBS और BDS सीटों के लिए काउंसलिंग का आयोजन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) करेगी. राज्यों के मेडिकल कॉलेजों की बाकी बची 85% सीटों के लिए काउंसलिंग संबंधित राज्य के स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा कराई जाएगी.

फर्जी कॉल से रहें सावधान

NTA ने उम्मीदवारों और उनके अभिभावकों को सख्त हिदायत दी है कि वे मेडिकल सीट दिलाने, सीट ब्लॉकिंग या स्कोर बढ़वाने का दावा करने वाले किसी भी फर्जी कॉल, मैसेज या अनधिकृत वेबसाइटों के झांसे में न आएं. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि NTA कभी भी उम्मीदवारों से सीधे पैसे या उनके पर्सनल क्रेडेंशियल (लॉगिन और पासवर्ड विवरण) की मांग नहीं करता है. अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें.