फेल या कम नंबर से परेशान छात्रों के लिए खुशखबरी! यूपी बोर्ड कम्पार्टमेंट परीक्षा आवेदन की तारीख आई सामने, जानिए पूरी डिटेल

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने छात्रों को एक और मौका देते हुए 2026 के लिए इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी किया है. हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र 27 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

UP Tak

समर्थ श्रीवास्तव

05 Jun 2026 (अपडेटेड: 05 Jun 2026, 11:26 AM)

follow google news

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों के हित में एक बेहद जरूरी फैसला लिया है. सरकार ने उन हजारों छात्र-छात्राओं की असफलता को सफलता में बदलने का एक और सुनहरा मौका दिया है जो किसी वजह से यूपी बोर्ड परीक्षा में पास नहीं हो पाए थे. माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने साल 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट व कम्पार्टमेंट और इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. इम्प्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के जरिए छात्रों को एक और मौका दिया जा रहा है, जिससे उनका पूरा साल या करियर सिर्फ एक परीक्षा परिणाम की वजह से प्रभावित न हो. आवेदन प्रक्रिया 6 जून से शुरू होगी और  छात्र 27 जून तक आवेदन कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें...

6 जून से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस विशेष परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 जून से शुरू होने जा रही है. योग्य और इच्छुक परीक्षार्थी 27 जून 2026 की मध्यरात्रि तक  यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं. योगी सरकार का उद्देश्य एक पारदर्शी, आधुनिक और छात्र-हितैषी व्यवस्था का निर्माण करना है ताकि किसी भी विद्यार्थी का कीमती साल खराब न हो और उनका शैक्षणिक भविष्य पूरी तरह सुरक्षित रहे.

हाईस्कूल  के लिए नियम और निर्धारित शुल्क

हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड ने दो तरह के विकल्प दिए हैं. इम्प्रूवमेंट परीक्षा के तहत वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो किसी एक विषय में फेल हुए हैं. वहीं, कम्पार्टमेंट परीक्षा के तहत ऐसे छात्र आवेदन करने के पात्र होंगे जो दो विषयों में फेल  हैं लेकिन वे दोनों में से किसी एक ही विषय की परीक्षा दे सकेंगे.  हाईस्कूल के इन आवेदनों के लिए परीक्षा शुल्क 256.50 रुपये तय किया गया है, जिसे छात्रों को अनिवार्य रूप से जमा करना होगा. 

इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए पात्रता और फीस

इंटरमीडिएट यानी कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए भी कम्पार्टमेंट परीक्षा के नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं. मानविकी (आर्ट्स), विज्ञान (साइंस) और वाणिज्य (कॉमर्स) वर्ग के वे छात्र जो किसी एक विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में फेल रहे हैं, वे इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही व्यावसायिक वर्ग (वोकेशनल कोर्स) के ट्रेड विषयों के वे परीक्षार्थी भी इस परीक्षा के योग्य माने जाएंगे,जो अपने किसी एक प्रश्नपत्र में फेल हुए हैं. इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 306 रुपये तय किया गया है.

आवेदन और जरूरी दस्तावेज भेजने की पूरी प्रक्रिया

इस परीक्षा में शामिल होने के लिए केवल ऑनलाइन फॉर्म भरना ही काफी नहीं होगा बल्कि इसके लिए एक तय प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है. परीक्षार्थियों को सबसे पहले तय परीक्षा शुल्क को सरकारी ट्रेजरी में चालान के माध्यम से जमा करना होगा.ऑनलाइन आवेदन पत्र को सफलतापूर्वक भरने के बाद छात्रों को उस आवेदन पत्र की एक  प्रिंटआउट और शुल्क जमा करने के चालान की  ओरिजिनल कॉपी डाउनलोड करनी होगी. इस आवेदन पत्र और मूल चालान को आवेदन की लास्ट डेट (27 जून) बीतने के बाद अगले तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड पोस्ट द्वारा भेजना जरूरी होगा. 

प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाओं के लिए अलग से जारी होंगी डेट्स 

यूपी बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि जिन विषयों में लिखित परीक्षा के साथ-साथ प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट कार्य शामिल होते हैं, उनके लिए परीक्षा का आयोजन बोर्ड के तय नियमों के अनुसार ही किया जाएगा. अगर कोई परीक्षार्थी किसी विषय के केवल एक हिस्से (जैसे केवल थ्योरी या केवल प्रैक्टिकल) में फेल है तो उसे केवल उसी हिस्से की परीक्षा देने की सुविधा दी जाएगी. बोर्ड ने बताया कि लिखित, प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान आने वाले दिनों में अलग से किया जाएगा. योगी सरकार की यह व्यवस्था उन हजारों छात्र-छात्राओं के लिए एक वरदान साबित होगी जो बहुत ही कम नंबरों के अंतर से सफल होने से चूक गए थे.

यह भी पढ़ें: 22 जून को कर्क राशि में बुध, गुरु और शुक्र के महासंयोग से बनेगा त्रिग्रही योग, इन 4 राशियों को मिल सकता है छप्परफाड़ लाभ