Saharanpur Fraud Case : जिले के गंगोह थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खानपुर गुर्जर में दो जीवित ग्रामीणों के नाम पर कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पीड़ित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
ADVERTISEMENT
शिकायत के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत सचिव की लॉगिन आईडी से दो जीवित व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए. मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ितों के साथ डॉ. तौसीफ चौधरी, शराफत चौधरी और जाबिर सीडीओ कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी. उनका कहना है कि वे जीवित हैं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत दर्शा दिया गया, जो गंभीर लापरवाही और कूटरचना का मामला है.
शिकायत के बाद खंड विकास कार्यालय गंगोह ने दोनों मृत्यु प्रमाण पत्र निरस्त कर दिए हैं. हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि फर्जी प्रमाण पत्र किसके निर्देश पर और किन परिस्थितियों में जारी किए गए. उनका कहना है कि यदि समय रहते मामले का खुलासा नहीं होता तो उनकी जमीन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी अधिकारों पर गंभीर असर पड़ सकता था.
पीड़ितों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, प्रशासन की ओर से मामले की जांच की प्रक्रिया जारी है.
ADVERTISEMENT











