UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से दो पालियों में शुरू होने जा रही हैं. इस साल प्रदेश भर के 8033 परीक्षा केंद्रों पर 52 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे. हाईस्कूल में कुल 27,50,945 परीक्षार्थी जिसमें 14,38,682 छात्र और 13,12,263 छात्राएं शामिल है. वहीं इंटरमीडिएट में कुल 24,79,352 परीक्षार्थी हैं जिसमें 13,03,012 छात्र और 11,76,340 छात्राएं शामिल हैं. परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जो 24 घंटे हर केंद्र पर नजर रखेगा.
ADVERTISEMENT
नकल से बचने के लिए किए गए ये खास इंतजाम
बोर्ड परीक्षा में नकल माफियाओं के मंसूबों को नाकाम करने के लिए बोर्ड ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.प्रदेश में 222 अति-संवेदनशील और 683 संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं. वहीं 18 जिले को विशेष श्रेणी में रखते हुए वहां स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) को तैनात किया गया है.सभी केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनकी लाइव फीड सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी. इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सादी वर्दी में भी पुलिस बल तैनात रहेगा.
कॉपियों की होगी अलग-अलग कोडिंग
इस बार बोर्ड ने कॉपियों के ले-आउट में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं. हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 'A' और 'B' कॉपियों में अलग-अलग कलर कोडिंग की गई है. इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य परीक्षा के दौरान या बाद में कॉपियों की अदला-बदली की संभावना को पूरी तरह खत्म करना है. बोर्ड ने परीक्षार्थियों की मानसिक सेहत और शंकाओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. लगातार आ रहे फोन कॉल्स के जरिए छात्रों के परीक्षा संबंधी सवालों का जवाब दिया जा रहा है. अगर कोई छात्र परीक्षा के तनाव या डिप्रेशन में है तो एक्सपर्ट्स द्वारा उसे परामर्श देकर प्रोत्साहित भी किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 32670 पदों पर सिपाही भर्ती परीक्षा 3 दिन और 2 पालियों में होगी, डेट और बाकी जरूरी डिटेल भी जानिए
ADVERTISEMENT









