Professional Courses After 12th: यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के रिजल्ट आज यानी 23 अप्रैल को अगले कुछ घंटो में जारी कर दिए जाएंगे. रिजल्ट के बाद छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि अब आगे क्या करें? ज्यादातर छात्र BA या BSc की ओर भागते हैं. लेकिन अगर आप इन कोर्सेज में दिलचस्पी नहीं रखते तो बिल्कुल परेशान न हों.आज के दौर में ऐसे कई प्रोफेशनल कोर्सेज और ऑप्शन मौजूद हैं जो न केवल आपकी रुचि के अनुसार हैं बल्कि आपको जल्दी और बेहतर नौकरी दिलाने की क्षमता भी रखते हैं.
ADVERTISEMENT
1. होटल मैनेजमेंट (Hotel Management)
अगर आप लोगों से मिलना-जुलना पसंद करते हैं और सेवा भाव रखते हैं तो यह 1 से 2 साल का डिप्लोमा कोर्स आपके लिए है. इसमें होटल ऑपरेशंस, फूड सर्विस और मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी जाती है, जिससे आप रेस्तरां या टूरिज्म सेक्टर में करियर बना सकते हैं.
2. एनीमेशन कोर्स (Animation Course)
अगर आप क्रिएटिव हैं तो 2D और 3D एनीमेशन में अपना भविष्य बना सकते हैं. फिल्मों, वीडियो गेम्स और विज्ञापनों में बढ़ती मांग के कारण यह एक उभरता हुआ क्षेत्र है. आप Canva जैसे आधुनिक टूल्स की मदद से भी इसकी शुरुआत कर सकते हैं.
3. मास कम्युनिकेशन/जर्नलिज्म (Mass Communication)
पत्रकारिता या मीडिया में रुचि रखने वालों के लिए यह बेहतरीन ऑप्शन है. कोर्स के दौरान आपको रिपोर्टिंग, एडिटिंग और ब्रॉडकास्टिंग सिखाई जाती है. पढ़ाई पूरी कर आप न्यूज चैनल, अखबार, ऑनलाइन मीडिया या पब्लिक रिलेशन (PR) में काम कर सकते हैं.
4. फैशन डिजाइनिंग (Fashion Designing)
क्रिएटिविटी आपकी ताकत है? तो फैशन डिजाइनिंग का डिप्लोमा कोर्स चुनें. यह 1 से 2 साल का कोर्स है, जिसमें कपड़े डिजाइन करना, सिलाई और मार्केटिंग की बारीकियां सिखाई जाती हैं. कोर्स पूरा करने के बाद आप फैशन हाउस में डिजाइनर बन सकते हैं या अपना बुटीक शुरू कर सकते हैं.
5. टूरिज्म कोर्स (Tourism Course)
अगर आपको घूमने-फिरने का शौक है तो टूरिज्म कोर्स आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. इस कोर्स के बाद आप यात्रा करते हुए पैसे कमा सकते हैं. कई कॉलेज अब टूरिज्म में सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, बैचलर और मास्टर कोर्स ऑफर कर रहे हैं. टूरिज्म इंडस्ट्री में आपको टूर ऑपरेटर, ट्रेवल एजेंट, पर्यटन प्रबंधक, और यात्रा कार्यकारी जैसी भूमिकाएं मिल सकती हैं. इस क्षेत्र में आपको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम करने का मौका मिलता है और आपको विभिन्न संस्कृतियों के साथ जुड़ने का अवसर मिलता है.
6. लैंग्वेज कोर्स (Language Course)
जर्मन, फ्रेंच या स्पैनिश जैसी विदेशी भाषाएं सीखकर आप ट्रांसलेटर, विदेशी भाषा शिक्षक या इंटरनेशनल मीडिया मैनेजर बन सकते हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे संस्थान भी इसके लिए अच्छे विकल्प हैं.
सरकारी नौकरी की तैयारी
अगर आप उच्च शिक्षा के बजाय सीधे सरकारी नौकरी चाहते हैं तो 12वीं के बाद ही SSC, रेलवे, बैंक जैसी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर सकते हैं. पुलिस, सेना और रक्षा सेवाओं में भी करियर बनाना एक प्रतिष्ठित और सुरक्षित ऑप्शन है.
ADVERTISEMENT









