बाइक पर 'पान की पीक' देख भड़के दरोगा और निकाल दी नाबालिग पर भड़ास... बस्ती के एसपी ने लिया फिर ये एक्शन

Basti Police News: यूपी के बस्ती जिले में एक दरोगा ने मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बच्चे की पिटाई कर दी. वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर किया.

यूपी तक

• 01:14 PM • 21 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई है, जहां एक दरोगा ने अपनी वर्दी की हनक एक बेकसूर और मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग पर निकाली. महज एक मामूली बात पर दरोगा की बेरहमी का शिकार हुआ बच्चा अब सदमे में है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

यह भी पढ़ें...

बाइक पर 'पान की पीक' और दरोगा का कहर

मामला लालगंज थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि दरोगा अपनी बाइक बाजार में खड़ी करके कहीं गया था. वापस लौटने पर उसने देखा कि किसी ने उसकी बाइक पर पान थूक दिया है. दरोगा ने पास ही खड़े एक नाबालिग बच्चे से इस बारे में पूछताछ की. बच्चे ने जब अनभिज्ञता जताई, तो दरोगा का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया. उसने कानून को ताक पर रखकर बच्चे को थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए और सरेराह भद्दी-भद्दी गालियां दीं.

मानसिक रूप से बीमार है मासूम

पीड़ित बच्चे के पिता के मुताबिक, उनका बेटा मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज चल रहा है. दरोगा के इस अमानवीय व्यवहार और सरेआम हुई पिटाई के बाद से बच्चा बुरी तरह डरा हुआ है और गहरे सदमे में चला गया है. स्थानीय लोगों ने दरोगा की इस दबंगई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद लोग पुलिस के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं.

दरोगा लाइन हाजिर, विभागीय जांच शुरू

वीडियो वायरल होने के बाद बस्ती पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं. पुलिस विभाग ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को उच्च आदर्श और मर्यादित व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन सवाल अब भी वही है कि एक मासूम को मिले इस मानसिक जख्म की भरपाई कौन करेगा?