Azamgarh Double Murder: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव में गुरुवार की देर रात बदमाशों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने 70 साल के एक बुजुर्ग और उनके 25 साल के पोते की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है. एक ही रात में हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
ट्यूबवेल और घर पर किया हमला
यह वारदात गुरुवार की रात करीब 1:30 बजे हुई, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सोया था. बदमाशों ने बेहद शातिराना और बेरहम तरीके से इस डबल मर्डर को अंजाम दिया. हमलावर सबसे पहले गांव में स्थित एक ट्यूबवेल पर पहुंचे, जहां 70 साल के जगदंबा प्रसाद यादव सो रहे थे. इस दौरान बदमाशों ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला करके उनकी निर्मम हत्या कर दी. इसके बाद हत्यारे वहाँ से करीब 400 मीटर दूर उनके घर पहुंचे और बरामदे में सो रहे 25 साल के पोते शिवांशु यादव उर्फ अंकित पर भी कुल्हाड़ी से कई वार कर किए. अंकित के पास सो रही उसकी दादी फूलकुमारी को जब कुछ आहट हुआ, तो उन्होंने शोर मचाकर परिवार के बाकी लोगों को जगाया. अंकित को खून से लथपथ हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद जब परिजन ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो वहां दादा जगदंबा प्रसाद का शव भी खून से लथपथ मिला.
जमीनी विवाद बना हत्या की वजह
इस खूनी खेल के पीछे जमीन का पुराना विवाद माना जा रहा है. मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव ने पड़ोसियों पर हत्या का बेहद गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक, पड़ोसियों के साथ उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में दादा और भाई की हत्या की गई है. जानकारी के मुताबिक मारा गया 25 साल का युवक अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और करीब 3 महीने पहले ही अपने घर आजमगढ़ लौटा था.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एक ही रात में दो लोगों की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. इसके साथ ही पुलिस ने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक खेत से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी हुई कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है.
ADVERTISEMENT










