बस्ती में घर की छत पर मरे मिले सेना के लांस नायक शरद उपाध्याय, क्या हुआ उनके साथ?

यूपी तक

• 03:35 PM • 18 Feb 2026

Basti Army Man Dead Body: बस्ती जिले में सेना के जवान शरद उपाध्याय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत. 9 दिन पहले अलवर से छुट्टी पर घर आए लांस नायक का शव छत पर मिला. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही इंतजार.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है. यहां सेना के एक जवान का शव उनके ही घर की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. इस घटना से पूरे भनखरपुर गांव में मातम और हड़कंप मचा हुआ है. आपको बता दें कि रद उपाध्याय भारतीय सेना में लांस नायक के पद पर तैनात थे. वे राजस्थान के अलवर जिले की 412 यूनिट में अपनी सेवा दे रहे थे और महज 9 दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव भनखरपुर (दुबोलिया थाना क्षेत्र) आए थे. 

यह भी देखें...

सोमवार की सुबह जब शरद देर तक सोकर नहीं उठे, तो घरवाले उन्हें देखने छत पर गए. छत पर शरद का निर्जीव शरीर पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया. घर में कुछ दिन पहले जो खुशियाँ थीं, वे अचानक मातम में बदल गईं. सूचना मिलते ही दुबोलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी (SO) दुबोलिया के अनुसार, मामला सेना के जवान से जुड़ा होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है. मौत की असली वजह (हादसा, आत्महत्या या साजिश) का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा.