Kajal Raghwani News: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार काजल राघवानी के घर इन दिनों मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. एक्ट्रेस के पिता का निधन हो गया है जिससे काजल पूरी तरीके से टूट चुकी हैं. काजल ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर इस खबर को शेयर करते हुए अपने पिता को श्रद्धांजलि दी है. इस खबर के सामने आने के बाद जहां काजल के फैंस और परिवार गहरे सदमे में हैं. वहीं भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकारों ने भी शोक व्यक्त किया है. हालांकि इस गहरे दुख के बीच काजल राघवानी के फैंस के लिए एक बड़ी खबर यह भी है कि वह बहुत जल्द एक बड़े रियलिटी शो के जरिए स्क्रीन पर धमाकेदार कमबैक करने जा रही हैं.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पर किया इमोशनल पोस्ट
काजल राघवानी ने अपने इंस्टाग्राम पर पिता की याद में एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है. पिता को खोने के गम में डूबी काजल ने लिखा 'पापा, आपका जाना मेरे जीवन के लिए एक असहनीय क्षति है. आपके द्वारा दिए गए संस्कार और आपकी यादें हमेशा हमारे साथ रहेंगी. ईश्वर आपकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे. भावभीनी श्रद्धांजलि.'
काजल का यह पोस्ट देखते ही उनके चाहने वाले भावुक हो गए. भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे, शिल्पा राघवानी, संजय पांडे समेत पूरी इंडस्ट्री ने काजल के इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए उनके पिता को श्रद्धांजलि दी और दुख की इस घड़ी में एक्ट्रेस को हिम्मत बढ़ाई.
भोजपुरी बवाल से कमबैक को तैयार काजल
भोजपुरी सिनेमा में अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी काजल राघवानी इन दिनों अपने नए रियलिटी शो भोजपुरी बवाल को लेकर भी सुर्खियों में हैं. हाल ही में इस शो का एक धमाकेदार प्रोमो और टीजर रिलीज हुआ है जिसमें काजल राघवानी का एक बिल्कुल अनोखा और बेबाक अंदाज देखने को मिल रहा है.
इस शो की सबसे खास बात यह है कि इसमें न सिर्फ भोजपुरी के दिग्गज बल्कि राजनीति का एक बड़ा चेहरा भी नजर आने वाला है. शो में काजल राघवानी, पावरस्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे, दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ-साथ राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी नजर आएंगे.
पवन सिंह संग मस्ती और आम्रपाली दुबे से तीखे नोकझोंक
रिलीज हुए टीजर में देखा जा सकता है कि काजल राघवानी शो के मंच पर पवन सिंह के साथ खूब मस्ती-मजाक और एंटरटेनमेंट का तड़का लगाती नजर आ रही हैं. वहीं दूसरी तरफ, स्क्रीन पर उनकी और आम्रपाली दुबे की तीखे नोकझोंक भी देखने को मिल रही है जिसने दर्शकों की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है. सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के साथ हुई पुरानी कंट्रोवर्सी के बाद काजल का यह किसी बड़े शो में पहला बड़ा कमबैक माना जा रहा है. बता दें कि यह शो 2 अगस्त से ऑन-एयर होने जा रहा है.
ADVERTISEMENT











