भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह ने बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के एक्टिंग डेब्यू पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है. अपने जन्मदिन के मौके पर पटना पहुंचीं अक्षरा सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव के शो 'भोजपुरी बवाल' में उनके लुक और अभिनय की जमकर तारीफ की. अक्षरा ने हंसते हुए कहा कि तेज प्रताप शो में बहुत क्यूट लग रहे हैं. बातचीत के दौरान अक्षरा सिंह ने पटना में बच्चों के साथ बर्थडे सेलिब्रेशन, युवाओं के प्रोटेस्ट, अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स और तमन्ना भाटिया की छठ पूजा पर बन रही फिल्म पर खुलकर बात की.
ADVERTISEMENT
तेज प्रताप की एक्टिंग पर अक्षरा ने क्या कहा?
तेज प्रताप यादव के एक्टिंग में कदम रखने और 'भोजपुरी बवाल' शो को लेकर पूछे गए सवाल पर अक्षरा सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा 'वो बहुत क्यूट लग रहे हैं. मेरी मां भी कह रही थीं कि वो शो में बहुत अच्छे इंसान लग रहे हैं और उनकी एक बहुत काइंड इमेज सामने आ रही है.'
जब उनसे पूछा गया कि क्या वो भविष्य में तेज प्रताप के साथ काम करेंगी तो अक्षरा ने कहा 'उन्हें तो एक्टिंग में रुचि है, ओह वाओ, उन्हें बिल्कुल एक्टिंग करनी चाहिए. अगर मौका मिला तो मैं डेफिनेटली उनके साथ काम क्यों नहीं करूंगी, बिल्कुल करूंगी.'
पटना में एनजीओ के बच्चों संग मनाया जन्मदिन
अक्षरा सिंह ने बताया कि वह एक खास कॉज और अपने जन्मदिन के सिलसिले में पटना आई हुई थीं. उन्होंने एनजीओ के बच्चों के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया. अक्षरा ने भावुक होते हुए कहा 'जीवन क्या होता है और हर छोटी-छोटी खुशी को कैसे सेलिब्रेट किया जाता है, ये शायद उन मासूम बच्चों से ही सीखने को मिलता है. इस बार का जन्मदिन मेरे लिए बेहद खास रहा.'
बिहार में प्रदर्शन कर रहे युवाओं का समर्थन
पटना में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे युवाओं के सवाल पर अक्षरा ने उनका खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कहा 'बिहारी यूथ कमाल के हैं. अगर वे अपने अधिकारों के लिए प्रोटेस्ट कर रहे हैं तो यह बहुत अच्छी बात है. हर युवा को अपने लिए और अपने हक के लिए स्टैंड लेना बहुत जरूरी है.'
श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म ईंठा और छठ पूजा पर बनी फिल्म पर प्रतिक्रिया
अपने आगामी प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए अक्षरा ने बताया कि वह बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के साथ फिल्म 'ईंठा' में नजर आने वाली हैं. इसके अलावा वे बैक-टू-बैक कई प्रोजेक्ट्स पर मेहनत कर रही हैं. वहीं तमन्ना भाटिया की छठ पूजा पर आधारित फिल्म को लेकर अक्षरा ने कहा 'छठ पूजा हम बिहारियों के लिए एक इमोशन है. मैंने फिल्म की कुछ क्लिप्स देखी हैं, तमन्ना बहुत प्यारी लग रही हैं. अगर हमारी संस्कृति और छठ को इतने बड़े स्तर पर फिल्मों में दिखाया जा रहा है तो हम सबका कर्तव्य बनता है कि हम इस फिल्म को देखें और अपना पूरा प्यार दें.'
ADVERTISEMENT











