Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के महमूदपुर मनौरी बाजार स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में 31 अगस्त को जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई. जांच में सामने आया कि यह फैक्ट्री अवैध थी और बिना किसी जरूरी लाइसेंस के चलाई जा रही थी. फैक्ट्री नौशाद के नाम पर है और उसका पूरा कामकाज बेटा आदिल देख रहा था.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक पटाखे बनाने का धंधा इनका खानदानी बिजनेस था. आदिल ने पटाखे बनाने का सामान एक नहीं, कई अलग-अलग गोदामों में रखा हुआ था. इस हादसे के बाद अब पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है. अब प्रशासन अवैध फैक्ट्री के साथ इसके अलग-अलग अवैध गोदामों पर भी कार्रवाई कर रहा है.
पुश्तैनी है पटाखा बनाने का काम
महमूदपुर मनौरी बाजार में पटाखा कारोबार चलाने वाले व्यक्ति की पहचान आदिल के रूप में हुई है. यह फैक्ट्री आदिल के पिता नौशाद के नाम पर है. जानकारी के मुताबिक पटाखे बनाने और बेचने का धंधा इस खानदान का नया नहीं है, बल्कि यह उनका पुश्तैनी कारोबार है. इसी काम के जरिए वे लंबे समय से पटाखे बना और बेच रहे थे.
जेल से छूटकर फिर शुरू किया धंधा
2024 में भी नौशाद की पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस ने कार्रवाई की थी. उस समय भी फैक्ट्री में नियमों की अनदेखी करने पर नौशाद को जेल भेजा गया था. जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से यह कारोबार शुरू किया. इस बार नौशाद ने फैक्ट्री को बिना जरूरी लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के ही चलाना शुरू कर दिया था.
प्रशासन का एक्शन, चला बुलडोजर
फैक्ट्री में भीषण हादसे के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच में फैक्ट्री से जुड़े अवैध गोदामों का भी पता चला है. प्रशासन इन अवैध गोदामों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए जुट गया है. जिसमें एक गोदाम पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने अवैध निर्माण को गिरा दिया है.
कई जगहों पर बनाए थे गोदाम
जांच में यह भी सामने आया है कि पटाखा बनाने का सामान आदिल ने एक जगह रखने के बजाय अलग-अलग जगहों पर गोदाम बनाकर रखा था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.
प्रशासन ये भी पता लगा रहा है कि ये गोदाम कहां-कहां बनाए गए हैं और वहां किस तरह की सामग्री रखी गई थी. इसके साथ ही पुलिस पटाखों की सप्लाई के नेटवर्क का भी पता लगा रही है.
यह भी पढ़ें: मऊ में 7 साल की समरा सीधे पहुंच गईं डीएम के ऑफिस, मोहल्ले की सड़क बनवाने के लिए मासूम बच्ची ने जो कहा वो हो गया वायरल
ADVERTISEMENT











