मऊ में 7 साल की समरा सीधे पहुंच गईं डीएम के ऑफिस, मोहल्ले की सड़क बनवाने के लिए मासूम बच्ची ने जो कहा वो हो गया वायरल

Mau News: मऊ जिले में एक 7 साल की मासूम बच्ची ने अपने मोहल्ले की खराब सड़क बनवाने के लिए सीधे जिलाधिकारी के ऑफिस पहुंचकर गुहार लगाई है. समरा नाज जिले के ही एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती है.

UP Tak
Google CTA

Mau News: मऊ जिले में एक 7 साल की मासूम बच्ची ने अपने मोहल्ले की खराब सड़क बनवाने के लिए सीधे जिलाधिकारी के ऑफिस पहुंचकर गुहार लगाई है. समरा नाज जिले के ही एक कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती है. वह अभी क्लास फर्स्ट की स्टूडेंट हैं. डीएम से मिलकर समरा ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वो स्कूल जाती हैं, तो खराब सड़क की वजह से गिर जाती हैं और उनकी ड्रेस गंदी हो जाती है. बच्ची की समस्या सुनकर डीएम ने तुरंत सड़क ठीक कराने का उसे आश्वासन भी दे दिया है.

यह भी पढ़ें...

डीएम दरबार पहुंची मासूम समरा

मऊ जनपद के नगर क्षेत्र में स्थित वार्ड संख्या 17 की रहने वाली 7 साल की समरा नाज क्लास फर्स्ट की स्टूडेंट हैं. वह अपने ही नगर क्षेत्र के एक निजी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ाई करती है. अपने मोहल्ले की टूटी और कच्ची सड़क से परेशान होकर समरा सीधे अपने हाथों में एक पत्र लेकर सीधे डीएम के ऑफिस पहुंच गई. वहां उसने जिलाधिकारी से मिलकर अपने मोहल्ले की खराब सड़क के बारे में बताया.

स्कूल जाते समय गिर जाती हूं

मासूम समरा ने डीएम आनंद वर्धन से मासूमियत के साथ कहा कि सर, मेरे घर का रास्ता बनवा दीजिए. उसने बताया कि जब वह स्कूल आती-जाती है, तो रास्ता खराब होने के कारण वह गिर जाती है. गिरने की वजह से उसकी स्कूल ड्रेस भी गंदी हो जाती है और उसे बहुत परेशानी उठानी पड़ती है.

डीएम ने दिया समाधान का आश्वासन

जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने इस छोटी सी बच्ची की पूरी बात बहुत ध्यान से सुनी. उन्होंने वहां मौजूद बच्ची के परिजनों से भी मोहल्ले और उस सड़क के बारे में पूरी जानकारी ली. डीएम ने बच्ची को प्यार से आश्वासन देते हुए कहा कि ठीक है बेटा, हम इसे सही करवाते हैं. आप बस रोज स्कूल जाना और मन लगाकर पढ़ाई करना.

टीम भेजकर होगी सड़क की जांच

इस पूरे मामले को लेकर डीएम आनंद वर्धन ने बताया कि कक्षा एक में पढ़ने वाली समरा नाज नाम की बिटिया उनसे मिलने आई थी. बच्ची ने वार्ड संख्या 17 में 25 मीटर लंबे एक खराब रास्ते के बारे में बताया है, जहां से होकर वह रोज स्कूल जाती है. डीएम ने कहा कि उस खराब सड़क को हम लोग अपनी टीम से एक बार चेक कराएंगे और जो भी इसमें हो सकता है उसका समाधान कराएंगे.

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के मंच पर छाईं 18 साल की प्रतीक्षा यादव, कौन हैं महोबा की ये लोक गायिका?