Ajay Rai Defamation Case: अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में हुए मछली भोज को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है. अजय राय ने मंगलवार को लखनऊ सिविल कोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया. अजय राय का आरोप है कि अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम को लेकर उन पर मछली खाने के झूठे आरोप लगाए गए, जिससे वह आहत हुए हैं.
ADVERTISEMENT
मछली भोज को लेकर हुआ था विवाद
अयोध्या में अजय राय के स्वागत के लिए निषाद समाज की ओर से मछली भोज का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए थे. बीजेपी की ओर से सावन के दौरान मछली भोज आयोजित करने को लेकर सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाया गया. वहीं, अजय राय ने मछली खाने के आरोप से इनकार करते हुए कहा था कि वह निषाद समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
अजय राय ने CM योगी को दी थी चुनौती
विवाद के बीच अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुली चुनौती दी थी. उन्होंने कहा था, 'अगर मेरी एक तस्वीर मछली खाते हुए सामने आए तो मैं प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दूंगा और अगर बीजेपी को तस्वीर नहीं मिली तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दें.' उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उनके मछली खाते हुए कोई फोटो है तो मुख्यमंत्री उसे जारी करें.
अजय राय ने कहा था, "निषाद समाज के कार्यक्रम में मैं गया था, उनकी परंपरा में मछली पकड़ना और खाना है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आंध्र प्रदेश में मुर्गा खाने और उसे कटहल बताने का आरोप भी लगाया था. अजय राय ने कहा था कि वह बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं.
अब अदालत में पहुंचा मामला
अजय राय ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर अब सिविल कोर्ट में मानहानि का दावा दाखिल किया है. उन्होंने कहा कि अयोध्या के मछली भोज को लेकर लगाए गए आरोपों से वह आहत हुए हैं. इससे पहले वह सार्वजनिक तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तस्वीर सामने लाने की चुनौती दे चुके हैं.
ADVERTISEMENT











