Jantar Mantar protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रोटेस्ट के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली छात्रा और उसकी मां का बयान सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद परिवार को भारी ट्रोलिंग और डर का सामना करना पड़ रहा है. छात्रा और उसकी मां दोनों ने कैमरे के सामने आकर हाथ जोड़कर पूरे देश से माफी मांगी है. लड़की की मां ने बताया कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि उन्हें अपना घर तक छोड़ना पड़ा है और अब वे अपनी जान बचाने के लिए मुंह ढक कर जगह-जगह भटक रहे हैं.
ADVERTISEMENT
घर छोड़कर भटकने को मजबूर
लड़की की मां ने बताया कि वायरल वीडियो के बाद उनके परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है. उन्हें हर समय डर के साए में जीना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, 'हमें मुंह ढककर रहना पड़ रहा है. बाहर नहीं निकल सकते. हमारे घर के आस-पास गाड़ियां घूम रही हैं. जहां हम पहले रहते थे, वह जगह हमें छोड़नी पड़ी और अब हम जगह-जगह बदलते फिर रहे हैं.' मां ने आरोप लगाया कि उन्हें सरकार या पुलिस की तरफ से कोई सुरक्षा या मदद नहीं मिली है और अब खाने-पीने तक की दिक्कत हो रही है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के माफ करने के बावजूद अभी तक उनकी माइनर बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं की गई है.
'मेरी बेटी को एहसास है, वो शर्मिंदा है'
अपनी बेटी की गलती मानते हुए मां ने कहा कि बच्चों को कभी भी अपने से बड़ों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा, 'एक मां होने के नाते मैं पूरे भारत देश से माफी मांगती हूं. बच्चे को प्रोटेस्ट में जाना है, अपनी आवाज उठानी है, वह ठीक है, लेकिन बड़ों को गालियां देना बिल्कुल गलत है.' मां ने यह भी कहा कि आज उनकी बेटी की आंखों में शर्म है और उसे अपनी गलती का पूरा एहसास हो चुका है.
इन्फ्लुएंस में आकर बोलीं गलत बातें
वायरल वीडियो में नजर आई छात्रा ने भी कैमरे के सामने अपनी गलती मानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह उनकी आभारी है कि उन्होंने उसे माफ कर दिया. छात्रा ने बताया कि वह सीपी में शॉपिंग के लिए गई थी. जब पता चला कि सीपी बंद है और प्रोटेस्ट हो रहा है, तो वह बस वहां देखने गई थी. छात्रा ने कहा, 'वहां बाहर की तरफ बहुत सारे ग्रुप बने थे, लोग वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे और प्रोवोक कर रहे थे कि आप चीजें बोलो. मैं उन लोगों के इन्फ्लुएंस में आ गई और सबने बहुत चीजें बोलीं.'
'मुझे ट्रोल करना बंद करें, धमकियां मिल रहीं'
छात्रा ने सोशल मीडिया पर हो रही लगातार ट्रोलिंग पर अपना दर्द जाहिर किया. उसने रोते हुए कहा, 'प्लीज मुझे ट्रोल करना बंद करें. लोग मेरे ऊपर मीम्स बना रहे हैं, मुझे रेप और एसिड अटैक की धमकियां दे रहे हैं. मेरे नंबर्स ट्रैक किए जा रहे हैं.' छात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री से माफी मिलने के बाद भी पुलिस उसका पीछा नहीं छोड़ रही है. उसने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए वादा किया कि भविष्य में वह ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं करेगी.
ADVERTISEMENT










