जुकरबर्ग से शुरू हुई बात, मस्क पर खत्म... कानपुर की रिटायर्ड शिक्षिका की यूं लुट गई जीवन की सारी कमाई

Kanpur Cyber Fraud: कानपुर में एक रिटायर्ड शिक्षिका को फेसबुक पर ‘मार्क जुकरबर्ग’ और ‘एलन मस्क’ बनकर ठगों ने स्कूल खोलने और निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया. फर्जी प्रोफाइल, व्हाट्सऐप कॉल और ट्रेडिंग पोर्टल के जरिए करीब 1.57 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया.

यूपी तक

• 03:18 PM • 18 Mar 2026

follow google news

Kanpur Cyber Fraud: सोचिए, अगर दुनिया के सबसे बड़े टेक दिग्गज आपसे खुद संपर्क करें और आपके साथ कोई बड़ा सामाजिक काम करने का प्रस्ताव रखें, तो क्या आप उस पर भरोसा नहीं करेंगे? कानपुर में एक रिटायर्ड शिक्षिका के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जहां भरोसे की बुनियाद पर खड़ी एक बातचीत ने धीरे-धीरे उनकी पूरी जिंदगी की कमाई छीन ली. शुरुआत में सब कुछ इतना सच्चा और भरोसेमंद लगा कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि वह एक सुनियोजित साइबर ठगी के जाल में फंस चुकी हैं लेकिन जब तक हकीकत सामने आई तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

यह भी पढ़ें...

फेसबुक मैसेज से शुरू हुआ पूरा खेल

दरअसल, यह मामला कानपुर की एक रिटायर्ड शिक्षिका का है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित किया. रिटायरमेंट के बाद एक दिन उन्हें फेसबुक पर एक मैसेज मिला, जिसमें सामने वाले ने खुद को फेसबुक का मालिक मार्क जुकरबर्ग बताया. उसने शिक्षिका को प्रस्ताव दिया कि वह कानपुर में उनके साथ मिलकर एक स्कूल खोलना चाहता है और इस सामाजिक पहल में उन्हें साझेदार बनाना चाहता है. शुरुआत में शिक्षिका ने इस प्रस्ताव पर विचार किया लेकिन बातचीत बढ़ने के साथ उन्होंने इस पर भरोसा कर लिया और निवेश करने के लिए तैयार हो गईं.

फर्जी कॉल और व्हाट्सऐप से बनाया भरोसा

इसके बाद ठगों ने एक पूरी टीम का भ्रम पैदा किया. अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे और व्हाट्सऐप पर लगातार मैसेज किए जाने लगे. स्कूल खोलने की योजना, जमीन, निवेश और संचालन से जुड़ी बातें विस्तार से समझाई गईं. कई लोग खुद को टीम का सदस्य बताकर शिक्षिका से बातचीत करते रहे, जिससे उनका भरोसा और मजबूत होता गया. धीरे-धीरे शिक्षिका इस प्रोजेक्ट को एक वास्तविक और बड़े स्तर का काम मानने लगीं और उन्होंने इसमें पैसे निवेश करने शुरू कर दिए.

‘एलन मस्क’ के नाम से नया झांसा

कुछ समय बाद अचानक कॉल और मैसेज कम होने लगे और फिर पूरी तरह बंद हो गए. इसी बीच एक नया मोड़ आया, जब शिक्षिका के पास एलन मस्क के नाम से मैसेज आने लगे. इसमें बताया गया कि स्कूल खोलने की योजना फिलहाल रोक दी गई है और इसी कारण मार्क जुकरबर्ग उनसे संपर्क नहीं कर रहे हैं. जब शिक्षिका ने अपने निवेश किए गए पैसे वापस मांगने की बात कही तो उन्हें रिफंड प्रक्रिया के नाम पर और पैसे जमा करने को कहा गया. 

फेडेक्स पार्सल और फर्जी ट्रेडिंग पोर्टल का जाल

ठगों ने शिक्षिका को यह झांसा दिया कि उनका पैसा फेडेक्स के एक पार्सल में है, जिसे छुड़ाने के लिए भारी टैक्स देना होगा. इसके साथ ही ‘विजडम कैपिटल’ नाम के एक फर्जी ट्रेडिंग पोर्टल पर उनके नाम से करीब 2.23 करोड़ रुपये दिखाए गए और उसे निकालने के लिए अलग-अलग शुल्क, जैसे रीबैलेंसिंग फीस आदि के नाम पर लगातार पैसे वसूले गए.

जब शिक्षिका को इस पूरे मामले में शक होने लगा तो एक कथित साइबर क्राइम हेल्पर या वकील ने उनसे संपर्क किया. उसने दावा किया कि वह उनके पैसे को ट्रैक कर चुका है और उन्हें वापस दिलाने में मदद कर सकता है लेकिन इसके लिए भी कुछ फीस देनी होगी. शिक्षिका ने इस पर भी भरोसा कर उसे पैसे दे दिए, लेकिन वह व्यक्ति भी बाद में गायब हो गया. 

फर्जी पहचान से रचा गया पूरा षड्यंत्र

जांच में सामने आया कि ठगों ने एलिसन विंस नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को मार्क जुकरबर्ग बताया, जबकि ‘जॉर्ज टर्नर’ नाम के व्यक्ति ने खुद को एलन मस्क का सहयोगी बताकर शिक्षिका से बातचीत की. इन सभी फर्जी प्रोफाइल्स और कॉल्स के जरिए ठगों ने एक ऐसा माहौल तैयार किया, जिससे शिक्षिका को यह यकीन हो गया कि वह असली लोगों से बात कर रही हैं.

इस पूरे जाल में फंसकर शिक्षिका ने 25 जनवरी 2025 से 20 फरवरी 2026 के बीच अपनी पीएफ, बचत और अन्य रकम मिलाकर कुल 1 करोड़ 57 लाख रुपये गंवा दिए.

शिकायत के बाद पुलिस जांच शुरू

जब लंबे समय तक कोई जवाब नहीं मिला तब 27 फरवरी 2026 को उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद करीब 3,042 रुपये की राशि को होल्ड कराया जा सका. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एडीसीपी क्राइम के अनुसार यह एक इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का मामला है, जिसमें सोशल मीडिया और फर्जी पहचान के जरिए भरोसा जीतकर ठगी की गई.

यह भी पढ़ें: मुर्गी पालन के लिए यूपी सरकार दे रही 70 लाख तक का लोन, 7% ब्याज सब्सिडी और फ्री बिजली की सुविधा...यहां जानें डिटेल्स