UP Police Bharti Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक और अफवाहों को लेकर बड़ा एक्शन लिया गया है. 8, 9 और 10 जून को 75 जिलों के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा के बीच यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर गलत जानकारी फैलाने वाले कई मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं. पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया अफवाहों पर बड़ा एक्शन
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा भ्रामक वीडियो और गलत जानकारी फैलाई गई, जिसके बाद अलग-अलग मामलों में चार मुकदमे दर्ज किए गए हैं. बोर्ड ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में लगभग 10,183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जा रही है. इतने बड़े स्तर की परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर गलत प्रचार को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
लखनऊ, अलीगढ़ और आजमगढ़ में दर्ज हुए केस
पहला मामला लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र का है, जहां यूट्यूब चैनल “Target Selection” पर भ्रामक वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया. दूसरा मामला अलीगढ़ का है, जहां एक अभ्यर्थी ने कूटरचित आधार कार्ड बनाकर दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा दी, जिस पर केस दर्ज किया गया है. तीसरा मामला फेसबुक से जुड़ा है, जिसमें एक यूजर द्वारा भर्ती परीक्षा को लेकर गलत जानकारी फैलाने पर कार्रवाई हुई है. वहीं चौथा मामला आजमगढ़ का है, जहां इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.
STF और भर्ती बोर्ड की सख्त निगरानी
पुलिस भर्ती बोर्ड और यूपी एसटीएफ लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए हैं. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके. अधिकारियों ने साफ किया है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी अफवाह या अपराधी गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









