जलती चिता की आग से सुलगाया हुक्का, जिस युवक ने ये शर्मसार कांड किया उसका नाम क्या है?

हापुड़ के महमूदपुर में जलती चिता से हुक्का सुलगाने का शर्मनाक वीडियो वायरल. पुलिस ने आरोपी अभिषेक को हिरासत में लिया. समाज की संवेदनहीनता पर उठे सवाल.

यूपी तक

• 05:09 PM • 12 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसी विचलित करने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज के गिरते नैतिक स्तर की पोल खोल दी है. थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव महमूदपुर में एक युवक ने अंतिम संस्कार की जलती चिता की आग से हुक्का सुलगाया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है.

यह भी पढ़ें...

चिता की आग और शौक का खौफनाक संगम

मामला महमूदपुर गांव के श्मशान घाट का है, जहां 75 वर्षीय मुन्ना देवी का अंतिम संस्कार किया गया था. परिजन भारी मन से मुखाग्नि देकर घर लौटे ही थे कि वहां कुछ युवक पहुँच गए. आरोप है कि अभिषेक नाम के युवक ने जलती चिता के पास बैठकर उसी आग से अपना हुक्का जलाया. संवेदनहीनता की हद तो तब हो गई जब उसके साथी इस पूरी हरकत का वीडियो बनाते रहे, जैसे यह कोई गर्व का काम हो.

आस्था और संस्कारों का अपमान

भारतीय संस्कृति में श्मशान वह स्थान है जहां पहुंचकर हर अहंकार राख हो जाता है और अग्नि को पवित्र मानकर अंतिम विदाई दी जाती है. लेकिन इन युवकों के लिए किसी की मृत्यु और अंतिम संस्कार महज एक 'मजाक' बनकर रह गया. वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया.

पुलिस की कार्रवाई और समाज के सामने बड़ा सवाल

वीडियो के आधार पर हाफिजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है. हालांकि, यह घटना केवल एक गिरफ्तारी का मामला नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की दिशा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. क्या हम इतने संवेदनहीन हो चुके हैं कि मृत्यु और शोक के क्षणों की गरिमा भी भूल गए हैं?