ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को माफिया अतीक अहमद की तर्ज पर जान से मारने की धमकी मिली है. शंकराचार्य के शिष्यों ने दावा किया है कि इस बार मामला बेहद गंभीर है, क्योंकि आरोपी ने वॉयस मैसेज भेजकर समय खत्म होने और सरेआम हत्या करने की चेतावनी दी है.
ADVERTISEMENT
1 अप्रैल से शुरू हुआ धमकियों का सिलसिला
मिली जानकारी के अनुसार, शंकराचार्य के आधिकारिक मोबाइल नंबर पर 1 अप्रैल 2026 को दोपहर के समय कई आपत्तिजनक और धमकी भरे टेक्स्ट मैसेज भेजे गए. शुरुआती तौर पर इन्हें नजरअंदाज कर नंबर ब्लॉक कर दिया गया, लेकिन आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि उसने 6 अप्रैल को दोबारा संपर्क साधा. इस बार आरोपी ने दो वॉयस मैसेज भेजे, जिनमें सीधे तौर पर हत्या की बात कही गई.
'अतीक अहमद की तरह मार डालेंगे', वॉयस मैसेज का खुलासा
शंकराचार्य के शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरी ने बताया कि ऑडियो मैसेज में अपराधी ने कहा, "जैसे अतीक अहमद को मारा था, वैसे ही तुम्हारी हत्या की जाएगी. बाल-बाल अभी बचे हो, अब तुम्हारे पास समय नहीं है." धमकी देने वाले ने यह भी दावा किया कि उसके संगठन में लाखों लोग हैं और वे शंकराचार्य की यात्रा के दौरान ही उन पर हमला करेंगे. मुकुंदानंद गिरी के अनुसार, पहले भी धमकियां आती थीं, लेकिन 'अतीक स्टाइल' मर्डर की बात ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
इस पूरे मामले को लेकर शंकराचार्य के खेमे ने विधिक कार्रवाई की तैयारी कर ली है. स्वामी मुकुंदानंद ने स्पष्ट किया कि इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता और जल्द ही वकीलों के माध्यम से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां नंबर और ऑडियो की जांच कर आरोपी तक पहुँचने का प्रयास कर रही हैं.
विवादों की पृष्ठभूमि: पोक्सो केस और कोर्ट की राहत
बता दें कि शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद पिछले कुछ समय से कानूनी विवादों में भी रहे हैं. प्रयागराज माघ मेले के दौरान प्रशासन से टकराव और उसके बाद बच्चों के यौन शोषण जैसे गंभीर आरोपों के तहत उन पर झूंसी थाने में मामला दर्ज किया गया था. हालांकि, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने शंकराचार्य को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है और अग्रिम जमानत मंजूर कर ली है.
ADVERTISEMENT









