IITian बाबा ने कर ली शादी, कौन हैं अभय सिंह की दुल्हनिया?

प्रयागराज कुंभ में वायरल हुए IITian बाबा अभय सिंह ने शादी कर ली है. वह अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ पहली बार झज्जर पहुंचे। जानें उनकी लव स्टोरी और 'श्री यूनिवर्सिटी' के विजन के बारे में.

यूपी तक

• 01:28 PM • 07 Apr 2026

follow google news

IITian Baba Abhay Singh Marriage: प्रयागराज के महाकुंभ के दौरान चर्चा में आए 'IITian बाबा' यानी अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी आध्यात्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उनके जीवन की नई शुरुआत है. अभय सिंह ने शादी कर ली है और अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ पहली बार अपने पैतृक शहर झज्जर पहुंचे, जहां उन्हें देखने वालों का तांता लग गया.

यह भी पढ़ें...

कैसे हुई थी मुलाकात?

अभय सिंह ने बताया कि उनकी और प्रीतिका की मुलाकात कोयंबटूर स्थित सद्गुरु के आश्रम में महाशिवरात्रि के दौरान हुई थी. दोनों के विचार और जीवन का लक्ष्य एक होने के कारण उन्होंने साथ चलने का निर्णय लिया. हालांकि उन्होंने दो महीने पहले कोर्ट मैरिज की है, लेकिन वे बताते हैं कि आध्यात्मिक तौर पर वे पहले ही मंदिर में एक-दूसरे को अपना चुके थे.

झज्जर तहसील में उमड़ी भीड़, पिता के चेंबर में खिंचवाई सेल्फी

अभय सिंह अपने बैंक खाते की केवाईसी (KYC) अपडेट कराने के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ झज्जर तहसील पहुंचे थे. यहाँ उनके पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, उनके चेंबर में अभय को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. युवाओं और स्थानीय लोगों ने 'IITian बाबा' के साथ जमकर सेल्फी ली. इस दौरान अभय ने मीडिया से भी बात की और बताया कि वह करीब डेढ़ साल बाद अपने घर लौट रहे हैं. उन्होंने अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं और बताया कि फिलहाल वह अपनी पत्नी के साथ साधना और अपने भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए अभय सिंह ने बताया कि वह एक 'श्री यूनिवर्सिटी' (Shri University) बनाने के विजन पर काम कर रहे हैं. यह एक ऐसी जगह होगी जहाँ प्राचीन ऋषि-मुनियों की शैली में शोध और साधना की जा सकेगी. उनका लक्ष्य एक ऐसी 'एनर्जाइज्ड' जगह तैयार करना है जहाँ विभिन्न प्रकार की साधनाओं के माध्यम से लोग असली ज्ञान और स्पिरिचुअल रिसर्च से जुड़ सकें. अभय के अनुसार, उनकी पत्नी प्रीतिका भी इसी मिशन में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं.