'तुम ही बोल लो यार...' सुल्तानपुर SP चारू निगम का वीडियो वायरल, दरोगा को सबके सामने डांट दिया

सुल्तानपुर की एसपी चारू निगम का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान फोन पर बात कर रहे दरोगा को टोक दिया. जानें कौन हैं तेज-तर्रार आईपीएस चारू निगम.

यूपी तक

• 07:25 PM • 07 Apr 2026

follow google news

अपने सख्त तेवरों और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर आईपीएस अधिकारी चारू निगम एक बार फिर चर्चा में हैं. सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात चारू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है. इस वीडियो में वह एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अपने ही विभाग के एक दरोगा को टोकती नजर आ रही हैं. दरोगा की टोका-टोकी से परेशान होकर उन्होंने मजाकिया लेकिन तल्ख लहजे में कह दिया 'तुम ही बोल लो यार.'

यह भी पढ़ें...

क्या है वायरल वीडियो की पूरी कहानी?

यह घटना उस वक्त की है जब एसपी चारू निगम मीडिया के सामने किसी मामले का खुलासा कर रही थीं. इसी दौरान उनके पीछे खड़े एक दरोगा मोबाइल फोन पर बात करने लगे, जिससे एसपी का ध्यान भटकने लगा. एकाग्रता भंग होने पर चारू निगम ने पीछे मुड़कर दरोगा से कहा, "तुम ही बोल लो यार...". यह छोटी सी क्लिप अब इंटरनेट पर वायरल है और लोग अधिकारी के इस हाजिरजवाबी अंदाज की तारीफ कर रहे हैं.

कौन हैं तेज-तर्रार IPS चारू निगम?

आगरा की रहने वाली और 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी चारू निगम का करियर उपलब्धियों से भरा रहा है. उन्होंने आईआईटी रुड़की से बीटेक करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा पास की थी. सुल्तानपुर की कमान संभालने से पहले वह औरैया की एसपी, झांसी में अहम पदों और गाजियाबाद में 47वीं वाहिनी पीएसी की सेनानायक रह चुकी हैं.

सिंघम अवतार के लिए हैं मशहूर

चारू निगम को महकमे में एक 'सख्त और संवेदनशील' अधिकारी माना जाता है. औरैया में तैनाती के दौरान उन्होंने एक दरोगा के घर पर छापा मारकर 50 किलो चांदी बरामद की थी, जिसने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया था. भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपराधियों के विरुद्ध 'बुलडोजर' नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए वह प्रदेश भर में जानी जाती हैं. फरवरी 2026 में सुल्तानपुर का कार्यभार संभालने के बाद से ही वह जिले की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं.