Abhinav Arora Family Attack: कंटेंट क्रिएटर अभिनव अरोरा की फैमिल पर हमला, सामने आया वीडियो

दिल्ली के तिलक नगर में बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा के परिवार की कार पर भीड़ ने हमला किया. अभिनव के पिता ने इसे गहरी साजिश बताया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है.

यूपी तक

• 11:18 AM • 10 Apr 2026

follow google news

खुद को बाल आध्यात्मिक इन्फ्लुएंसर बताने वाले अभिनव अरोड़ा के परिवार के साथ दिल्ली के तिलक नगर में खौफनाक वारदात सामने आई है. अभिनव द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि उनका परिवार कार के अंदर बंद है और बाहर मौजूद उग्र भीड़ पत्थरों और नुकीले हथियारों से गाड़ी पर हमला कर रही है. इस घटना ने राजधानी में सड़क सुरक्षा और अचानक भड़कने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा विवाद?

पुलिस और पीड़ित पक्ष के अनुसार, यह घटना 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे मॉल रोड पर सिंगला रेस्टोरेंट के सामने हुई. अभिनव के पिता तरुण राज अरोड़ा अपनी भतीजी को हॉस्टल छोड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी कार सड़क पर खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल से मामूली रूप से टच हो गई. इस छोटी सी बात पर वहां मौजूद एक पक्ष से बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

झूठे आरोप और खौफनाक मंजर

अभिनव के पिता तरुण राज अरोड़ा ने घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा:

वहां मौजूद एक महिला को लगा कि गाड़ी से उनके बच्चे को चोट लगी है, जबकि सीसीटीवी में स्पष्ट दिखा कि गाड़ी और बच्चे के बीच काफी दूरी थी. देखते ही देखते 6 लोगों के परिवार ने गाड़ी को घेर लिया और बोनट पीटना शुरू कर दिया. जब स्थिति बिगड़ने लगी, तो परिवार ने खुद को गाड़ी में लॉक कर लिया. दिल्ली पुलिस के एएसआई पप्पू राम और उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. तरुण राज का मेडिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा 0.0 पाई गई. साथ ही जिस बच्चे के घायल होने का आरोप था, उसे एक खरोंच तक नहीं आई थी.

अभिनव अरोड़ा की मार्मिक पोस्ट

इस घटना का वीडियो साझा करते हुए अभिनव ने कुछ गहरी पंक्तियां लिखीं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं:

"जलते घर को देखने वालों फूस का छप्पर आपका है... उसके कत्ल पे मैं भी चुप था, अब मेरा नंबर आया. मेरे कत्ल पे आप भी चुप हैं, अगला नंबर आपका है."

कौन हैं अभिनव अरोड़ा?

अभिनव अरोड़ा बेहद कम उम्र में बाल कथावाचक के रूप में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुए थे. उन्हें लेकर इंटरनेट पर कई मीम्स और चर्चाएं होती रही हैं. फिलहाल वे अपने वीडियो और कथा वाचन के जरिए एक बड़ी फैन फॉलोइंग रखते हैं.