पीलीभीत में नशेड़ी पति की हैवानियत! शराब पीने से रोका और शक किया तो पत्नी की दांतों से काट डाली नाक

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की नाक दांतों से काट ली. घटना महेशापुर गांव की है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

यूपी तक

• 03:59 PM • 09 Apr 2026

follow google news

पीलीभीत में रिश्तों को शर्मसार करने वाली यह घटना पीलीभीत के महेशापुर गांव की है. यहां रहने वाली पूजा देवी का जीवन उस समय नर्क बन गया जब उसके पति अमन कुमार ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. जानकारी के अनुसार, अमन शराब पीने का आदि है और अक्सर अपनी पत्नी पर शक करते हुए मारपीट करता था. घटना वाले दिन भी जब पूजा ने पति को शराब पीने से मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और उसने पूजा की नाक को अपने दांतों से काटकर अलग कर दिया.

यह भी पढ़ें...

लहूलुहान पूजा को किया गया रेफर

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया. पूजा की चोट इतनी गंभीर थी कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है. परिजनों का आरोप है कि अमन लंबे समय से पूजा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, लेकिन इस बार उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस की रडार पर आरोपी पति

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमन मौके से फरार हो गया. स्थानीय पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा के इस मामले में सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

घरेलू हिंसा और सामाजिक चिंता

पीलीभीत की इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती घरेलू हिंसा और नशे के दुष्प्रभावों को उजागर किया है. शक और नशे के चलते एक हंसता-खेलता परिवार बिखर गया है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी रोष है और वे आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.