UP News: सोशल मीडिया पर इन दिनों यूपी पुलिस के एक जवान की बहादुरी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक सिपाही बिना अपनी जान की परवाह किए गहरे पानी में छलांग लगाकर एक महिला की जान बचाते नजर आता है. घटना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक महिला ने 20 से 30 फीट गहरे तालाब/पानी में छलांग लगा दी थी.
ADVERTISEMENT
घटना कैसे हुई?
जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी के ग्वालियर गेट के पास एक महिला गहरे पानी में डूबने लगी. वहां मौजूद लोग केवल घटना को देख रहे थे और वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान यूपी पुलिस की चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची .जैसे ही रिक्रूट आरक्षी दीपक सोलंकी ने स्थिति देखी, उन्होंने बिना समय गंवाए अपने जूते उतारे और वर्दी में ही पानी में छलांग लगा दी.
सिपाही दीपक सोलंकी की बहादुरी
पानी में उतरते ही महिला ने सिपाही को पकड़ लिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. इसके बावजूद दीपक सोलंकी ने धैर्य और साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत की और धीरे-धीरे महिला को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया. स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी का सहारा लिया गया और महिला को बाहर निकाला गया. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग सिपाही की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे वह लगातार लोगों को शांत रहने और मदद करने के लिए कह रहे हैं.
पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मान की घोषणा
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सिपाही दीपक सोलंकी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बहादुर पुलिसकर्मियों पर पूरे विभाग को गर्व है.
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया कि घटना के बाद सिपाही को:
₹1000 का नकद पुरस्कार
प्रशस्ति पत्र
देकर सम्मानित किया जाएगा.
अनुज चौधरी का वायरल वीडियो भी चर्चा में
इसी बीच यूपी पुलिस के एक और चर्चित अधिकारी एएसपी अनुज चौधरी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे जनता से ईंधन बचाने, स्वदेशी अपनाने और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की अपील कर रहे हैं. अपने संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान का भी उल्लेख किया और नागरिकों से छोटी-छोटी आदतों से देश की मदद करने की अपील की.
कौन हैं अनुज चौधरी
अनुज चौधरी एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान रहे हैं और उन्हें अर्जुन पुरस्कार (2005) से सम्मानित किया जा चुका है. खेल में देश का नाम रोशन करने के बाद वे पुलिस सेवा में आए और आज यूपी पुलिस के चर्चित अधिकारियों में गिने जाते हैं. वे पहले भी अपने सख्त और बेबाक बयानों के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं और वर्तमान में फिरोजाबाद में तैनात हैं.
ADVERTISEMENT









