Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सूर्य प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है.
ADVERTISEMENT
खोड़ा इलाके में कड़ी सुरक्षा
सुबह से ही खोड़ा क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती देखी गई. कई थानों की पुलिस, आरआरएफ और महिला पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया है. इलाके में ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. पुलिस अधिकारियों के अनुसार लगभग 1000 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
सूर्य चौहान हत्याकांड के बाद तनावपूर्ण माहौल
यह पूरा सुरक्षा अलर्ट सूर्य प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद लगाया गया है. आरोप है कि इस हत्या को उसके पड़ोस में रहने वाले असद और उसके साथियों ने अंजाम दिया था. बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. इसके बावजूद इलाके में तनाव बना हुआ है और स्थानीय प्रशासन किसी भी संभावित विवाद को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहा है.
जुम्मे की नमाज को लेकर विशेष निगरानी
चूंकि यह शुक्रवार का दिन है और जुम्मे की नमाज के चलते बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में एकत्र होते हैं, इसलिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है.धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई गई है. पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से बातचीत कर माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.
हिंदू संगठनों की प्रतिक्रिया और प्रशासन की तैयारी
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार कुछ हिंदू संगठनों द्वारा विरोध और प्रदर्शन की आशंका भी जताई जा रही थी, जिसके चलते अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सभी से संवाद कर लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है. डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ड्रोन और क्यूआरटी टीम से निगरानी
इलाके में स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके साथ ही क्यूआरटी, आरएएफ और अन्य पुलिस इकाइयों को भी अलर्ट पर रखा गया है.
प्रशासन का दावा: स्थिति नियंत्रण में
प्रशासन का कहना है कि दोनों पक्षों के साथ लगातार बातचीत जारी है और माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है.
ADVERTISEMENT









