UP Police Constable Recruitment 2025: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन 8, 9 और 10 जून को छह पालियों में किया जा रहा है. आज परीक्षा का आखिरी दिन है और पहले शिफ्ट की परीक्षा शांतिपूर्वक शुरू हो चुकी है. इसी बीच दूसरे दिन यानी 9 जून की परीक्षा को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उपस्थिति, अनुपस्थित अभ्यर्थियों और कार्रवाई से जुड़ी कई अहम जानकारियां शामिल हैं.
ADVERTISEMENT
32,679 पदों के लिए 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी
इस भर्ती परीक्षा के तहत कुल 32,679 पदों को भरा जाना है, जिसके लिए 28 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. दूसरे दिन की परीक्षा में कुल 9,62,833 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे. वहीं, 2 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी.
दूसरे दिन 76%, पहले दिन 75%
आंकड़ों के अनुसार, 9 जून को आयोजित परीक्षा में लगभग 76 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 24 प्रतिशत अनुपस्थित रहे. वहीं पहले दिन यानी 8 जून को 75 प्रतिशत उपस्थिति और 25 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई थी. इस तरह दोनों दिनों के बीच उपस्थिति का अंतर बहुत कम रहा और परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए.
सख्त निगरानी में हो रही परीक्षा
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. जिला स्तर, मंडल स्तर और राज्य स्तर तक मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. लखनऊ स्थित भर्ती बोर्ड भी पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है.
सोशल मीडिया और नकल मामलों में कार्रवाई
दूसरे दिन की परीक्षा के दौरान और उसके आसपास कई मामलों में कार्रवाई की गई. चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. इनमें एक यूट्यूब चैनल ‘टारगेट सिलेक्शन’ भी शामिल है, जिस पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो फैलाने का आरोप है. इसके अलावा हुसैनगंज, लखनऊ में भी मामला दर्ज किया गया है.
अलीगढ़ के रतन प्रेम डीएवी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भी एक फर्जीवाड़े का मामला सामने आया, जहां विकास कुमार नामक अभ्यर्थी किसी अन्य परीक्षार्थी हरिओम की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया. इस पर भी केस दर्ज किया गया है.
इसके अलावा फेसबुक यूजर तनिष्क चौधरी और इंस्टाग्राम अकाउंट ‘indrajit_gautam_s7’ पर भी भ्रामक वीडियो और जानकारी फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है.
नकल और अनुचित साधनों के मामले
परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर ऐसे भी मामले सामने आए हैं, जहां अभ्यर्थी मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा देने पहुंचे थे. कुछ मामलों में आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में छेड़छाड़ की भी जानकारी मिली है. ऐसे अभ्यर्थियों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है.
लापरवाही पर पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई
कुछ परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही भी सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ अभ्यर्थियों के पास से मोबाइल फोन बरामद होने के बाद संबंधित केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है. इसमें दो दरोगा और चार सिपाहियों को निलंबित किया गया है.
प्रशासन का दावा: परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी
प्रशासन का कहना है कि अब तक परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है. किसी बड़ी गड़बड़ी की कोई पुष्टि नहीं हुई है. लगातार निगरानी और सख्ती के कारण परीक्षा व्यवस्था मजबूत बनी हुई है.
ADVERTISEMENT









