Meerut Gangnagar Firing News: मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश युवाओं को भारी पड़ गई. इलाके से दो वीडियो सामने आए, जिनमें एक युवक छत पर खड़े होकर खुलेआम फायरिंग करता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में एक युवती को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे तीन लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
ADVERTISEMENT
हथियार भी किया जब्त
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की पड़ताल के बाद आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया कि रिहायशी इलाके में हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग की गई थी, जो कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही वीडियो की पूरी सत्यता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से बरामद लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया गया है. इसके साथ ही हथियार का लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखावे के लिए हथियारों का इस्तेमाल करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे आसपास के लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है.
पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और हथियारों के प्रदर्शन या हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई को सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के लिए एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT









