गाजीपुर के कटरिया गांव में निशा विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत के बाद उपजे आक्रोश और तनाव के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार की सुध ली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सरकार के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता व अन्य राहत सामग्री प्रदान की है.
ADVERTISEMENT
सरकार द्वारा दी गई राहत
मंत्री ओम प्रकाश राजभर, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत और बीजेपी एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. सरकार की ओर से परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया. इसके साथ ही, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर और खेती के लिए डेढ़ बीघा जमीन का पट्टा भी परिवार को दिया गया है .
मंत्री राजभर का विपक्ष पर हमला
इस दौरान मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा इस संवेदनशील मामले का राजनीतिकरण कर रही है और प्रदेश में दंगा भड़काने की फिराक में है. राजभर ने कहा कि योगी सरकार में अपराधी 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे होते हैं और प्रदेश अमन-चैन से रह रहा है. उन्होंने सपा के पूर्व शासनकाल पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता के लिए व्याकुल न हों.
पीड़ित पिता की गुहार
वहीं, मृतका के पिता सियाराम शर्मा ने सरकारी सहायता का स्वागत तो किया लेकिन उन्होंने इंसाफ की मांग पर जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आर्थिक मदद से घाव नहीं भरते, परिवार को असली सुकून तभी मिलेगा जब उनकी बेटी को न्याय मिलेगा और दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी.
ADVERTISEMENT









