आगरा में स्कॉर्पियो का हॉर्न बजाने पर भड़का खूनी बवाल...दिनदहाड़े पथराव, फायरिंग और आगजनी से दहला पिनाहट का गांव

Agra News: आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र स्थित संवाल दासपुरा गांव में गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव, फायरिंग और आगजनी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए.

यूपी तक

12 May 2026 (अपडेटेड: 12 May 2026, 04:52 PM)

follow google news

Agra Violence: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव संवाल दासपुरा में शादी समारोह के दौरान गाड़ी का हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव में जमकर पथराव, फायरिंग और आगजनी हुई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया.

यह भी पढ़ें...

शादी में आए मेहमान की गाड़ी बनी विवाद की वजह

बताया जा रहा है कि राजस्थान के राजा खेड़ा निवासी कन्हैया लाल अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गांव आए थे. आरोप है कि उन्होंने गांव में एक घर के सामने अपनी स्कॉर्पियो खड़ी कर लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया. इसी बात पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई और फिर दोनों ओर से पथराव होने लगा.

ताबड़तोड़ फायरिंग और आगजनी से मचा हड़कंप

विवाद के दौरान कई राउंड फायरिंग किए जाने का भी आरोप है. गांव में ताबड़तोड़ पत्थर फेंके गए और एक पक्ष के घर के छप्पर में आग लगा दी गई. आग लगने से इलाके में भगदड़ मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया. घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बुजुर्ग महिला अंगूरी देवी भी शामिल हैं. बताया गया कि उन्हें गोली लगी है और गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है.

पीड़ित पक्ष ने लगाए लूट और मारपीट के आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई. उनका कहना है कि डैशबोर्ड में रखे करीब एक लाख रुपये नकद, सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली गई. पीड़ितों के अनुसार हमलावरों ने डंडों से हमला किया और बाद में फायरिंग भी की, जिसमें परिवार के कई लोग घायल हो गए.

पुलिस पर भी उठे सवाल

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं. लोगों का आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उनके सामने ही पथराव और फायरिंग होती रही और समय रहते कार्रवाई नहीं की गई. इसी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली.

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसीपी पिनाहट अनिल कुमार समेत चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है.

घटना ने खड़े किए कई बड़े सवाल

दिनदहाड़े हुए इस हिंसक बवाल ने कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर मामूली कहासुनी इतनी बड़ी हिंसा में कैसे बदल गई, खुलेआम फायरिंग और पथराव कैसे हुआ और पुलिस समय रहते हालात को क्यों नहीं संभाल सकी, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन से गायब हुई कानपुर की प्रज्ञा सिंह ऐसे मिल गई, उसकी 7 फोटोज में देखें सारी कहानी