UP Air Shed Project: उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हवा को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की गई है. प्रदेश सरकार ने विश्व बैंक के सहयोग से ₹2,741 करोड़ की लागत वाली देश की पहली एयर शेड आधारित स्वच्छ वायु प्रबंधन परियोजना की शुरुआत की है. इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना और लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है. इसी मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृक्षारोपण महा अभियान 2026 का भी शुभारंभ किया, जिसके तहत इस वर्ष ₹355 करोड़ की लागत से बड़े स्तर पर पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है. सरकार का प्रयास है कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन आंदोलन का रूप दिया जाए.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि जिस धरती ने हमें जन्म दिया है, उसके प्रति हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम उसका संरक्षण करें और उसके प्रति कृतज्ञ रहें. उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण बचाने की जिम्मेदारी को गंभीरता से लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन मिल सके. मुख्यमंत्री ने भगवान राम की लंका विजय का उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे व्यक्ति कितनी भी उन्नति क्यों न कर ले, लेकिन अपनी जन्मभूमि के प्रति सम्मान और सेवा की भावना सबसे ऊपर होनी चाहिए. उनका कहना था कि यह संदेश आज भी हर नागरिक के लिए प्रेरणादायक और प्रासंगिक है.
सरकार की यह पहल प्रदेश को अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. ₹355 करोड़ के वृक्षारोपण अभियान से हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा. माना जा रहा है कि इससे न केवल पर्यावरण को फायदा होगा, बल्कि प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा. सरकार ने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है, ताकि धरती को सुरक्षित, स्वच्छ और हराभरा बनाया जा सके.
ADVERTISEMENT









