मेरठ में डॉक्टर दंपत्ति के क्लिनिक में चल रहा था गंदा खेल, 300 में मुहैया कराते थे कमरा

मेरठ के डॉ. कपल के क्लिनिक से जिस्म फरोशी का भांडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है. पड़ोसियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई. मामले में तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी मिली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यूपी तक

• 05:39 PM • 23 Mar 2026

follow google news

मेरठ में एक डॉक्टर कपल की शर्मनाक करतूत सामने आई है. लोहिया नगर थाना क्षेत्र में क्लिनिक की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा संचालित किया जा रहा था. पुलिस ने मुखबिर और स्थानीय लोगों की सूचना पर जब छापेमारी की, तो क्लिनिक के अंदर का नजारा देख दंग रह गई. पुलिस ने मौके से डॉक्टर दंपत्ति समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया है.

यह भी पढ़ें...

300 में मुहैया कराते थे कमरा

जांच में सामने आया है कि डॉ. कपिल गुप्ता और उनकी पत्नी हेमलता ने करीब आठ महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था. यहां इलाज के नाम पर क्लिनिक खोला गया था, लेकिन असल में यहाँ अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं. आरोपी डॉक्टर महज ₹300 के लालच में देह व्यापार के लिए कमरा उपलब्ध कराता था. तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है.

पड़ोसियों ने खोला मोर्चा, मकान मालिक की भी नहीं मानी बात

इलाके के लोग पिछले काफी समय से क्लिनिक में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों से परेशान थे. पड़ोसियों की शिकायत पर मकान मालिक ने डॉक्टर दंपत्ति को मकान खाली करने का नोटिस भी दिया था, लेकिन दबंगई के चलते उन्होंने इसे अनसुना कर दिया. आखिरकार, पुलिस ने जाल बिछाकर छापेमारी की और दो लड़कियों को वहां से रेस्क्यू किया, जिन्हें बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया गया.

डॉक्टर सहित 4 मुख्य आरोपी नामजद

पुलिस ने इस मामले में डॉ. कपिल गुप्ता, हेमलता, मोईन और दीपक सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है. इनके खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. लोहिया नगर पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अन्य ठिकानों का पता लगाया जा सके. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.