UP News: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और सम्मान दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रेरणा कैंटीन योजना के बड़े सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन का ही नतीजा है कि आज प्रदेश की 10000 से अधिक महिलाएं इस योजना के जरिए लखपति बनकर अन्य महिलाओं के लिए मिसाल पेश कर रही हैं.
ADVERTISEMENT
स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से मिल रहा रोजगार
प्रदेश भर में वर्तमान में 2100 से अधिक प्रेरणा कैंटीन सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं. इन कैंटीनों का प्रबंधन पूरी तरह से ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं के हाथों में है. इससे उन्हें न केवल नियमित आय का एक स्थायी साधन मिला है, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी उनकी पहचान मजबूत हुई है.
सरकारी कार्यालयों और अस्पतालों में मिल रहा शुद्ध भोजन
प्रेरणा कैंटीन का विस्तार केवल विकासखंडों तक सीमित नहीं है. यह कैंटीनें अब निम्नलिखित स्थानों पर अपनी सेवाएं दे रही हैं:
प्रशासनिक कार्यालय: जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और विकासखंड कार्यालय.
स्वास्थ्य केंद्र: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC).
इन कैंटीनों के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों, मरीजों और उनके तीमारदारों को अत्यंत स्वच्छ और किफायती भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 832 स्वास्थ्य केंद्रों में ये कैंटीनें स्थापित की जा चुकी हैं.
जीवन स्तर में सुधार और आर्थिक मजबूती
आंकड़ों के अनुसार, प्रेरणा कैंटीन से जुड़ी हर महिला औसतन 10 हजार रुपये प्रति माह से अधिक की आय प्राप्त कर रही है. इस आय ने महिलाओं के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मदद की है. अब ग्रामीण महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक रीढ़ बनकर उभर रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है.
ADVERTISEMENT









