Atiq Ahmed Son Death: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई. इस दुर्घटना में आबान समेत तीन लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
जिस भाई अली अहमद से मिलने के लिए आबान झांसी जा रहा था, वह झांसी जेल में बंद है. जब जेल प्रशासन ने अली को छोटे भाई की मौत की खबर दी तो वह खुद को संभाल नहीं सका.
भाई की मौत की खबर सुनकर टूट गया अली
यूपी Tak ने इस मामले में झांसी जेल के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार से बात की. उन्होंने बताया कि जैसे ही अली अहमद को उसके छोटे भाई अबान की मौत की जानकारी दी गई, वह बेहद भावुक हो गया.
जेल अधीक्षक के मुताबिक, अली ने दुख भरे शब्दों में कहा, "सब कुछ बर्बाद हो गया... अब मेरे घर में कुछ नहीं बचा." बताया गया कि परिवार का एक अन्य सदस्य भी हादसे के बाद मौके पर पहुंचा, जहां उसने पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली. इसके बाद वह मेडिकल कॉलेज चला गया.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?
हादसे के बाद सामने आए एक चश्मदीद ने दावा किया कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा थी. उसके मुताबिक, कार प्रयागराज से झांसी की ओर जा रही थी और ग्राम खीली, थाना पूंछ के पास अचानक सड़क पर एक गाय आ गई.
प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मौके पर दो लोगों की मौत
चश्मदीद के अनुसार, कार में कुल पांच लोग सवार थे. हादसे के तुरंत बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में मदद की और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया. बाद में इलाज के दौरान अबान अहमद समेत कुल तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई.
ADVERTISEMENT











