UP Weather Update: मार्च के आखिरी दिनों में यूपी के लोगों को तीखी धूप से राहत मिलने जा रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी यूपी में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में आज बारिश अपनी पूरी तीव्रता पर रहने वाली है. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और बागपत समेत आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश का सिलसिला धीरे-धीरे पश्चिमी यूपी से होता हुआ पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों की ओर भी बढ़ेगा.
तापमान में आएगी 5 डिग्री तक की गिरावट
31 मार्च तक होने वाली इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने के आसार हैं. इससे महीने के अंत में लोगों को एक बार फिर से गुलाबी ठंड का अहसास हो सकता है. हालांकि आंधी-तूफान की स्थिति को देखते हुए विभाग ने लोगों को घरों में रहने और पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.
अप्रैल में भी जारी रहेगा सिलसिला
राहत की बात यह है कि बारिश का यह दौर केवल मार्च तक ही सीमित नहीं रहेगा. IMD ने अनुमान जताया है कि 3 अप्रैल से एक बार फिर नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा जिससे दोबारा बारिश होने के आसार है. मौसम में बार-बार आ रहे इस बदलाव को देखते हुए किसानों और आम जनता को खास सावधानी बरतने को कहा गया है.
ADVERTISEMENT









