UP Weather Update: यूपी में मॉनसूनी बारिश को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट... मौसम विभाग ने जारी किया ये अलर्ट

UP Weather Update: मौसम विभाग ने यूपी में 19-22 मई के बीच भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पारा 45°C के पार जा सकता है. वहीं राहत की बात यह है कि मानसून ने अंडमान में दस्तक दे दी है.

UP Weather Update

यूपी तक

• 10:31 AM • 17 May 2026

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि राज्य में तापमान 45°C के करीब पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होने वाली है. इस भीषण गर्मी को देखते हुए विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों, विशेषकर दक्षिणी भाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

यह भी पढ़ें...

क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?

मौसम विभाग के अनुसार, इस समय उत्तर प्रदेश में कोई भी प्रभावी मौसम तंत्र (जैसे पश्चिमी विक्षोभ या बादल) सक्रिय नहीं है. आसमान बिल्कुल साफ रहने के कारण सूरज की सीधी किरणें धरती को तेजी से गर्म कर रही हैं (जिसे तकनीकी भाषा में विकिरणीय ऊष्मन कहा जाता है). इसके चलते आगामी 4-5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होगी.

19 से 22 मई के बीच रहेगा ऑरेंज अलर्ट

गर्मी का यह नया दौर उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग से शुरू होगा और धीरे-धीरे पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लेगा. आगामी 19 से 22 मई के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में लू और दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की प्रबल आशंका है. इसके बाद तापमान में मामूली बदलाव होगा, जिससे गर्मी से थोड़ी आंशिक राहत मिल सकती है.

मॉनसून ने दी दस्तक, 26 मई को केरल पहुंचेगा

इस जानलेवा गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक बेहद सुकून देने वाली खबर भी साझा की है. देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री हो चुकी है. शनिवार, 16 मई 2026 को मानसून ने दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, संपूर्ण निकोबार द्वीप समूह और श्री विजयपुरम (अंडमान द्वीप समूह) के कुछ हिस्सों में कदम रख दिया है.  मौसम विभाग के मॉडल के अनुसार, 4 दिन आगे-पीछे के अंतर के साथ 26 मई 2026 को मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है. केरल में दस्तक देने के बाद जून के महीने में यह उत्तर प्रदेश की तरफ आगे बढ़ेगा.