UP Weather Update 9 June: उत्तर प्रदेश में मॉनसून और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, कल यानी 9 जून 2026 को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) चलने के आसान हैं, जबकि आने वाले दिनों में बारिश और तेज आंधी की संभावनाएं बन रही हैं.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटों में दक्षिण उत्तर प्रदेश के जिलों में अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे वहां भीषण गर्मी रही. वहीं, उत्तरी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में पारा थोड़ा कम यानी 36°C से 40°C के बीच रिकॉर्ड किया गया.
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसमन (UP Weather Update)
- कानपुर (9 जून - सूखा और गर्म मौसम): कानपुर नगर और कानपुर देहात में कल मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. 10 और 11 जून को भी कानपुर में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.
- मेरठ और गाजियाबाद (9 जून - हीट वेव की चेतावनी): पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इन प्रमुख क्षेत्रों में कल भीषण लू चलने की गंभीर चेतावनी जारी की गई है. सूरज के तीखे तेवरों से गर्मी चरम पर रहेगी. 10 जून को यहां आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, 11 जून को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलेगा और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ (झोंकों के साथ 70 किमी/घंटा) आने की आशंका है, जिससे तापमान गिरेगा.
- नोएडा (9 जून - तेज धूप और लू का सितम): नोएडा (दिल्ली/एनसीआर क्षेत्र) में कल उमस और लू का असर बरकरार रहेगा. दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है. 10 जून को धूल भरी हवाएं या गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है. 11 जून को तेज आंधी-तूफान (50-60 किमी/घंटा) की चेतावनी है, जो गर्मी से राहत दिलाएगी.
- वाराणसी और प्रयागराज (9 जून - भीषण गर्मी और लू की मार): पूर्वी उत्तर प्रदेश के इन जिलों में कल लू हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. आसमान साफ रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी. 10 जून को भी लू का प्रकोप जारी रह सकता है. हालांकि, मौसम प्रणालियों के बदलाव से 10 से 14 जून के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की शुरुआत हो सकती है. 11 जून को तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा) और 12 जून को तेज आंधी-तूफान (50-60 किमी/घंटा) आने की संभावना है.
- आगरा और मथुरा (9 जून - शुष्क मौसम): आगरा और मथुरा दोनों ही जिलों में कल मौसम पूरी तरह से शुष्क और बेहद गर्म रहेगा. इसके साथ ही यहां लू चलने की प्रबल संभावना है. 10 जून को आगरा-मथुरा सहित पश्चिमी यूपी में गरज-चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ आंधी आ सकती है. 11 जून को आंधी की रफ्तार बढ़कर 50-60 किमी/घंटा तक जा सकती है.
- लखनऊ और अयोध्या (9 जून - साफ आसमान और तेज गर्मी): राजधानी लखनऊ और धार्मिक नगरी अयोध्या में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम बिल्कुल शुष्क बना रहेगा. 10 जून तक मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, 11 जून से मौसम करवट लेगा. 11 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश (जिसमें लखनऊ-अयोध्या मंडल आते हैं) में कहीं-कहीं बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है.
- गोरखपुर (9 जून - शुष्क मौसम और उमस): गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों (जैसे देवरिया, कुशीनगर) में कल मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि, चक्रवाती परिसंचरण के कारण उमस महसूस हो सकती है. गोरखपुर और महाराजगंज में 10 और 11 जून को मौसम बदल सकता है. इन दो दिनों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को तपन से थोड़ी राहत मिलेगी.
आगे के दिनों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
11 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे रहा है. इसके प्रभाव से 11 और 12 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 12 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 70 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से भयंकर आंधी-तूफान आने की आशंका है.
इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की जाएगी, जिससे 11 जून के बाद अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आएगी और यूपी के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT










