कानपुर जाने के लिए अब अपनाना होगा नया रास्ता, यूपी के इस जिले में लागू हो गया डायवर्जन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को देखते हुए महोबा पुलिस ने 8 से 10 जून 2026 तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है. यह व्यवस्था रोज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी.

UP Tak

Photo Source - AI Generated

आयशा शैख़

08 Jun 2026 (अपडेटेड: 08 Jun 2026, 12:07 PM)

follow google news

Kanpur Route Diversion: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सेफ और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए महोबा पुलिस ने कमर कस ली है. हमीरपुर में होने वाली इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो और परीक्षा से जुड़ी सामग्री सही समय पर सुरक्षित पहुंच सके, इसके लिए महोबा पुलिस ने एक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, यमुना और बेतवा नदी के पुलों पर किसी भी संभावित दुर्घटना या भारी वाहनों के खराब होने की स्थिति में जाम लग सकता है. इससे परीक्षार्थियों के आने-जाने और परीक्षा पर बुरा असर पड़ सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों का रूट बदला गया है.

कब से कब तक लागू रहेगा डायवर्जन?

डायवर्जन 08 जून 2026 से 10 जून 2026 तक लागू रहेगा. सुबह 06:00 बजे से लेकर शाम 06:00 बजे तक के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है.  कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जनपद हमीरपुर की तरफ आने वाले भारी वाहनों का रूट बदला (डायवर्जन) गया है.

भारी वाहनों के लिए नई व्यवस्था

  • महोबा से कानपुर जाने वाले वाहन: जनपद महोबा से कानपुर की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को बांदा तिराहा से बांदा मार्ग होते हुए कानपुर की तरफ भेजा जाएगा.
  • कबरई-खन्ना मार्ग के वाहन: इस मार्ग से जाने वाले भारी वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चढ़कर, उरई होते हुए कानपुर की तरफ जा सकेंगे.

पुलिस ने की सहयोग की अपील

महोबा पुलिस ने सभी कारोबारियों, उद्योगपतियों और भारी वाहन चालकों से विनम्र अनुरोध किया है कि वे परीक्षा को बिना किसी बाधा के और सुरक्षित ढंग से पूरी कराने में प्रशासन का सहयोग करें. 

पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों का यह छोटा सा सहयोग हजारों अभ्यर्थियों को सुरक्षित और सही समय पर उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में बेहद मददगार साबित होगा.